मरदह : बरात में लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग में दो युवक घायल, आरोपी सेना का हवलदार गिरफ्तार, रद होगा लाइसेंस





मरदह। थानाक्षेत्र के दुर्खुशी गांव में बुधवार की देर रात शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने फायरिंग करने के आरोप में भारतीय सेना में हवलदार के पद पर तैनात दूल्हे के भाई मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक को भी कब्जे में ले लिया है। साथ ही शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दुर्खुशी गांव निवासी रामकुंवर भारती की पुत्री की शादी के लिए मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के मुड़ेसरी गांव से बरात आई थी। बरात में परछन और द्वारपूजा की रस्म चल रही थी। इसी दौरान दूल्हे अमित कुमार के भाई मनोज कुमार निवासी मुड़ेसरी, थाना रानीपुर, जिला मऊ ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर की डबल बैरल बंदूक से फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान निकले छर्रे वहां मौजूद दो युवकों को लग गए। घायलों की पहचान सौरभ कुमार निवासी देवकठिया और टिंकू उर्फ सन्नी निवासी धुरेहरा, थाना जंगीपुर के रूप में हुई है। दोनों युवक शादी समारोह में अपनी ननिहाल की ओर से निमंत्रण में शामिल होने आए थे। छर्रे लगने से एक युवक की कमर और दूसरे के हाथ में चोट आई। घटना के तत्काल बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मऊ भेजा गया। हर्ष फायरिंग की घटना से शादी समारोह में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मरदह पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फायरिंग के आरोपी मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक भी बरामद कर कब्जे में ले ली गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। इसके साथ ही लाइसेंसी शस्त्र के दुरुपयोग को गंभीरता से लेते हुए शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस बाबत एएसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि बारात के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में दो युवक घायल हुए हैं। पुलिस ने फायरिंग करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर असलहा कब्जे में ले लिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< मरदह : सड़क हादसे में घायल दूसरे युवक की भी मौत, 5 बहनों के इकलौते भाई की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदलीं, 25 नवंबर को होनी थी शादी
दुल्लहपुर : बंद कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, इकलौते बेटे की मौत से परिजनों का बुरा हाल, दुबई में नौकरी करते हैं पिता >>