मरदह : सड़क हादसे में घायल दूसरे युवक की भी मौत, 5 बहनों के इकलौते भाई की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदलीं, 25 नवंबर को होनी थी शादी

मरदह। थानाक्षेत्र के डोडसर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल दूसरे युवक पांचू चौहान की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। हादसे के समय ही उनके साथी बाबूलाल चौहान की मौके पर मौत हो गई थी। दोनों युवकों की मौत की खबर से बिरनो थानाक्षेत्र के मुहम्मदपुर वाजिदपुर गांव में मातम छा गया है। बाबूलाल चौहान और पांचू चौहान दोनों का घर गांव में अगल-बगल स्थित है। परिजनों के मुताबिक, दोनों युवक सुबह घर से बाइक लेकर निकले थे। उन्होंने घरवालों को अपने जाने के बारे में कोई विशेष जानकारी नहीं दी थी। इसी दौरान डोडसर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाबूलाल चौहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पांचू चौहान को उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। वहां देर रात उनकी भी मौत हो गई। इस हादसे ने पांचू चौहान के परिवार की खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया। पांचू पांच बहनों के इकलौते भाई थे। उनकी सभी बड़ी बहनों की शादी पहले ही हो चुकी है। परिवार में पांचू की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। 19 नवंबर को उनका तिलक और 25 नवंबर को विवाह होना तय था। घर में शादी को लेकर उत्साह का माहौल था और रिश्तेदारों के आने-जाने की तैयारियां की जा रही थीं। लेकिन इस हादसे ने परिवार की सारी खुशियों को मातम में बदल दिया। पांचू के पिता भुल्लन चौहान मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि मां मुल्लरी देवी बेटे की मौत से पूरी तरह बेसुध हैं। माता-पिता ने बताया कि पांच बेटियों के बाद पांचू का जन्म हुआ था। परिवार में सबसे छोटा और इकलौता बेटा होने के कारण वह सभी का बेहद लाडला था। प्यार से उसका नाम पांचू रखा गया था। जिस घर में कुछ दिन बाद शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब परिजनों की चीख-पुकार सुनाई दे रही है। दो युवकों की असमय मौत की सूचना मिलने के बाद गांव में शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। हादसे से मुहम्मदपुर वाजिदपुर सहित आसपास के गांवों में भी शोक की लहर व्याप्त है।

