बहरियाबाद : राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए गाजीपुर के छह खिलाड़ियों का चयन, प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में जीते पदक

बहरियाबाद। जनपद के एथलेटिक्स खिलाड़ियों ने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर हासिल किया है। वर्ष 2026-27 की माध्यमिक विद्यालयीय राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए गाजीपुर के छह खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जबकि दो अन्य खिलाड़ियों को संभावित सूची में रखा गया है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार जनपद के अधिक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में 30 अक्टूबर से तीन नवंबर तक आयोजित 70वीं प्रदेश स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए गाजीपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था। उनके प्रदर्शन के आधार पर शुभम यादव, खुशबू यादव, नीलम बिंद, आरती यादव और आदित्य यादव सहित खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ है। इसके अतिरिक्त अभय राजभर और पायल शर्मा का चयन संभावित खिलाड़ियों के रूप में किया गया है। क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह ने बताया कि अंडर-19 बालक वर्ग में सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बहरियाबाद के शुभम यादव ने 100 और 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके साथ ही 4×400 मीटर रिले रेस में रजत पदक प्राप्त किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में टाउन नेशनल इंटर कॉलेज सैदपुर की खुशबू यादव ने 3000 मीटर वॉक रेस में स्वर्ण पदक जीता। लूर्दस कॉन्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज गाजीपुर की नीलम बिंद ने 4×400 मीटर रिले रेस में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं अंडर-17 बालक वर्ग में बापू इंटर कॉलेज सादात के आदित्य यादव ने 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया। नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज रेवतीपुर की आरती यादव ने भी 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक प्राप्त किया। इन खिलाड़ियों का चयन उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और निर्धारित मानकों के अनुरूप समय दर्ज करने के आधार पर किया गया है। आकाश सिंह ने बताया कि डॉ. एमए अंसारी इंटर कॉलेज मुहम्मदाबाद के अभय प्रसाद का 5000 मीटर वॉक रेस तथा पायल शर्मा का चयन संभावित खिलाड़ियों के रूप में किया गया है। उन्होंने बताया कि अंडर-17 वर्ग की प्रतियोगिता मध्य प्रदेश के एसएमएस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही है। गुरुवार को आयोजित हीट रेस में आदित्य यादव ने 3000 मीटर की दौड़ 8 मिनट 40.77 सेकेंड में पूरी कर पहला स्थान हासिल किया और फाइनल में जगह बनाई। उनके इस प्रदर्शन से फाइनल मुकाबले में पदक की उम्मीद बढ़ गई है। जनपद के खिलाड़ियों के लगातार बेहतर प्रदर्शन से खेल प्रेमियों और खेल शिक्षकों में उत्साह है।

