गाजीपुर : 18 सूत्रीय मांगों को लेकर जिले के सभी फार्मासिस्टों ने सीएमओ कार्यालय पर दिया धरना, मुख्यमंत्री को भेजा मांगपत्र





गाजीपुर। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में अपनी 18 सूत्रीय विभिन्न मांगों को लेकर जिले के सभी चीफ फार्मासिस्टों व फार्मासिस्टों ने शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान सीएमओ को पत्रक सौंपकर उनके माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री (स्वास्थ्य मंत्री), प्रमुख सचिव, महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य को संबोधित ज्ञापन भेजा। बताया कि इसके बावजूद मांगें पूरी न हुईं तो 21 नवंबर को सभी चीफ व फार्मासिस्ट प्रदेश मुख्यालय स्थित महानिदेशक कार्यालय पर धरना देंगे। उनकी प्रमुख मांगों में फार्मासिस्ट पद का नाम बदलकर फार्मेसी अधिकारी, चीफ फार्मासिस्ट का नाम चीफ फार्मेसी अधिकारी, विशेष कार्याधिकारी फार्मेसी का पदनाम बदलकर सहायक निदेशक फार्मेसी करने की मांग है। इसके अलावा फार्मेसी की शिक्षा को देखते हुए फार्मासिस्टों को प्राथमिक उपचार के साथ कुछ सीमित औषधियों का नुस्खा लिखने का अधिकार देने की मांग की। बताया कि ग्रामीण चिकित्सालयों में फार्मासिस्टों से ओपीडी कराई जाती है, जिससे विधिक समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। जबकि कई राज्यों में यह अधिकार पहले से दिया गया है। कहा कि फार्मासिस्टों की नियुक्ति हेतु न्यूनतम तकनीकी योग्यता भारत सरकार की गजट के अनुसार बैचलर इन फार्मेसी अथवा फार्म डी निर्धारित कर फार्मासिस्ट सेवा नियमावली 1980 में संशोधन किया जाए। कहा कि जनपदों में विभिन्न चिकित्सालयों में कार्यरत फार्मासिस्टों को जनपदीय ड्रग वेयर हाउस/सीएमएसडी से औषधियां लाने हेतु संबंधित अधिकारियों द्वारा वाहन उपलब्ध नहीं कराया जाता है, न ही वाहन हेतु धनराशि मिलती है। दूरदराज के क्षेत्र से संबंधित फार्मासिस्ट स्वयं के खर्च या स्वयं के वाहन से औषधियां लाते हैं। ऐसे में वहां से चिकित्सालयों में औषधियां पहुंचाने की सरकारी व्यवस्था की जाए। कहा कि विशेष कार्याधिकारी फार्मेसी एवं संयुक्त निदेशक फार्मेसी के रिक्त पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया सम्पन्न कराई जाए। वहीं महानिदेशालय द्वारा वर्ष 2005 के बाद नियुक्त फार्मासिस्टों की अन्तिम वरिष्ठता सूची दिनांक 31 जुलाई 2025 को जारी की थी, परंतु एक वर्ष दो माह का समय बीतने के बाद भी 2005 के बाद नियुक्त फार्मासिस्टों की स्थायी वरिष्ठता सूची आज तक जारी नहीं की गई। स्थायी वरिष्ठता सूची जारी करने आदि जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष विपिन सिंह ने कहा कि लंबे समय से मांगें लंबित हैं, जिसके कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। इस मौके पर गाजीपुर जिलाध्यक्ष ओमकार पांडेय, महामंत्री रमेश चंद्र, शाहिद जमाल, शशिभूषण, रामकिशुन यादव, दिलीप सिंह आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : 18 नवंबर को बीएसए कार्यालय पर धरना देंगे प्राथमिक शिक्षक, पुरानी पेंशन, टीईटी से राहत, पदोन्नति आदि मांगों पर बनाई आंदोलन की रणनीति
देवकली : भितरी में बाबा पंजाबी शाह की मजार पर पहुंचे राज्यमंत्री, ऐतिहासिक स्कंदगुप्त की लाट का भी जाना हाल, आजम खान व सपा पर साधा निशाना >>