दिलदारनगर : छठ पर्व के आयोजन को घर लौट रहा पूर्व एयरफोर्स कर्मी का परिवार हुआ हादसे का शिकार, डिवाइडर से कार टकराने पर दंपति व उनके 2 संतान की मौत

दिलदारनगर। छठ पर्व की खुशियां अपनों के साथ मनाने के लिए नोएडा से प्रयागराज लौट रहा एक परिवार रास्ते में हुए भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। गंगा एक्सप्रेसवे पर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार पति, पत्नी और उनके सात वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डेढ़ वर्षीय दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस तरह एक ही परिवार के चार सदस्यों की असमय मौत हो गई। मृतक परिवार का पैतृक संबंध गाजीपुर के सुरहा गांव से है। घटना की जानकारी गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। दिलदारनगर के सुरहा गांव निवासी जयगोविंद उपाध्याय लंबे समय से अपने परिवार के साथ प्रयागराज के नीमसराय मुंडेरा स्थित ईडब्ल्यूएस आवास संख्या 431 में रहते हैं। वो भारतीय वायुसेना में एसपीओ पद से सेवानिवृत्त हैं। उनका इकलौता बेटा सौरभ उपाध्याय (38) नोएडा की एक आईटी कंपनी में वाइस चेयरमैन के पद पर कार्यरत था। सौरभ अपनी पत्नी मेनका (35) और दो बेटों शियोम (7) तथा व्योम (2) के साथ नोएडा में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि छठ पर्व मनाने के लिए बुधवार को सौरभ अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ कार से नोएडा से प्रयागराज के लिए निकले थे। परिवार को पर्व की खुशियां अपनों के साथ मनाने के लिए घर पहुंचना था। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे हरदोई जिले के संडीला क्षेत्र में अंतवा गांव के सामने गंगा एक्सप्रेसवे पर उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार उछलकर पलट गई और डिवाइडर के ऊपर जा टंगी। हादसे में सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी मेनका और सात वर्षीय बेटे शियोम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 2 वर्षीय मासूम व्योम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायल बच्चे को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर ने परिजनों को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया। जयगोविंद उपाध्याय के लिए यह किसी बड़े वज्रपात से कम नहीं है। जिस इकलौते बेटे को उन्होंने अपने बुढ़ापे का सहारा समझा था, वह अब इस दुनिया में नहीं रहा। बहू और दोनों मासूम पौत्रों को भी खो देने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उधर, घटना की जानकारी गाजीपुर के सुरहा गांव पहुंची तो ग्रामीण भी स्तब्ध रह गए। हालांकि जयगोविंद उपाध्याय का परिवार लंबे समय से प्रयागराज में निवास कर रहा था, लेकिन पैतृक गांव से उनका जुड़ाव बना हुआ था। गांव के लोगों के बीच घटना की चर्चा फैलते ही शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। छठ पर्व पर घर लौटने की उम्मीद लेकर निकला परिवार रास्ते में ही बिछड़ गया। जिस घर में पर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम का माहौल है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से सुरहा गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

