मरदह : नलकूप के पास पेड़ पर मिला युवक का शव, परिजनों का बुरा हाल, महज 15 दिनों पूर्व ही घर में गूंजी थी बेटी की किलकारी





मरदह। थानाक्षेत्र के रायपुर बाघपुर गांव में गुरुवार की सुबह एक युवक का शव उसके नलकूप के पास पेड़ से लटकता मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो इसकी जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। युवक की शादी महज दो वर्ष पूर्व हुई थी और करीब 15 दिन पहले ही उसके घर बेटी का जन्म हुआ था। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रायपुर बाघपुर गांव निवासी मुलायम यादव अपने पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी एक बहन है, जिसकी शादी पहले ही हो चुकी है। मुलायम घर पर रहकर कृषि कार्य करता था। परिजनों के मुताबिक, पिछले दो-तीन दिनों से वह पारिवारिक कलह के चलते मानसिक तनाव में था। बुधवार की रात वह परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश भी की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद परिवार के लोग रात में घर लौट आए। गुरुवार की सुबह जब ग्रामीण नलकूप की तरफ पहुंचे तो वहां पीपल के पेड़ पर मुलायम का शव लटका हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना परिवार के लोगों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। मुलायम की मौत से उसकी पत्नी वंदना और मां फूलमती का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में 15 दिन पहले बेटी के जन्म से खुशियों का माहौल था, वहां अचानक मातम छा गया। परिवार के लोगों के लिए यह घटना गहरा सदमा बन गई है। युवक अपने पीछे पत्नी और नवजात बेटी को छोड़ गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता वीरेंद्र यादव की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< मरदह : पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर
दिलदारनगर : छठ पर्व के आयोजन को घर लौट रहा पूर्व एयरफोर्स कर्मी का परिवार हुआ हादसे का शिकार, डिवाइडर से कार टकराने पर दंपति व उनके 2 संतान की मौत >>