जखनियां : रेलवे क्रॉसिंग के पास शराब और मीट-मछली की दुकानों से राहगीरों को परेशानी, लोगों ने की दुकानें हटाने की मांग





जखनियां। कस्बे के चौजा रोड स्थित उत्तरी रेलवे क्रॉसिंग के पास संचालित शराब और बियर की दुकानों तथा पूर्वी छोर पर लगने वाली मीट-मछली की दुकानों को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग उठी है। इस संबंध में मातृभूमि संगठन के संरक्षक नीरज सिंह अजेय और अध्यक्ष आरिफ अंसारी ने उप जिलाधिकारी अतुल कुमार को पत्रक सौंपकर समस्या से अवगत कराया। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं और स्कूली बच्चे आवागमन करते हैं। उनका आरोप है कि शराब की दुकानों के आसपास सुबह से देर रात तक लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। नशे की हालत में कुछ लोगों द्वारा राहगीरों, विशेषकर महिलाओं और छात्राओं पर छींटाकशी किए जाने से उन्हें असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। उन्होंने जनहित को देखते हुए शराब और बियर की दुकानों के साथ ही मीट-मछली मंडी को भी आबादी और मुख्य आवागमन मार्ग से दूर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की। उप जिलाधिकारी अतुल कुमार ने मामले पर विचार करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर आदिल, संजय, सुरेश कुशवाहा, अजीत सिंह, रामअवध यादव आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< देवरिया : छठ पर्व पर देवरिया सदर स्टेशन पर 300 यात्रियों की क्षमता वाला अस्थायी आश्रय स्थल तैयार, 24 घंटे संचालित हो रहे सहायता बूथ
जखनियां : रास्ते से आवागमन के विवाद में तीन गिरफ्तार, भेजे गए जेल >>