अनौनी : हाईवे पर पुलिया तो बनी, लेकिन नीचे अंडरपास का सड़क निर्माण रह गया अधूरा, ग्रामीणों ने आवागमन के लिए की बेहतर रास्ते की मांग

अनौनी। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन स्थित गोपालपुर के पास छोटी पुलिया का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन इस अंडरपास के नीचे सड़क का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। रास्ते की बदहाल स्थिति के कारण यहां हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खासकर डाला छठ पर्व को देखते हुए गंगा घाट तक आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गोपालपुर, गजाधरपुर, दाड़ीबाड़ी और पटना समेत कई गांवों के लोगों के लिए यह रास्ता आवागमन का प्रमुख माध्यम है। इन दिनों छठ पूजा के चलते महिलाओं, बच्चों और अन्य श्रद्धालुओं का गंगा घाट की ओर लगातार आना-जाना लगा हुआ है। ऐसे में पुल के नीचे का खतरनाक रास्ता किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। ग्रामीणों के अनुसार, रास्ते से गुजरते समय कई लोग चोटिल हो चुके हैं। इसकी बदहाल स्थिति देखकर राहगीरों को भी काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। गांव निवासी बृजेश कन्नौजिया ने बताया कि अंडरपास के नीचे सड़क निर्माण कराने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक जिम्मेदार अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। छठ पर्व पर पटना स्थित गंगा घाट पर बड़ी संख्या में महिलाएं अर्घ्य देने पहुंचेंगी। ऐसे में श्रद्धालुओं को इसी जोखिम भरे रास्ते से गुजरना पड़ेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि पुलिया के नीचे की जगह की तत्काल साफ-सफाई कराकर सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि कई गांवों के लोगों को राहत मिल सके और किसी संभावित हादसे को टाला जा सके।

