गाजीपुर : भाजपा किसान मोर्चा की हुई परिचयात्मक बैठक, नवनियुक्त पदाधिकारी हुए सम्मानित

गाजीपुर। भाजपा किसान मोर्चा के जिला पदाधिकारियों की परिचयात्मक बैठक बुधवार को छावनी लाइन स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर हुई। जहां मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर स्वागत और सम्मान किया गया। बतौर मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और सामूहिक सहभागिता पर निर्भर करती है। किसान मोर्चा पार्टी का महत्वपूर्ण अंग है। किसानों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने में मोर्चा के पदाधिकारियों की अहम भूमिका है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से आपसी समन्वय और पूरी सक्रियता के साथ संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। इसके बाद उन्होंने जिलाध्यक्ष धनंजय चौबे सहित सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को सम्मानित करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद श्री चौबे ने सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन किया जाएगा। किसान मोर्चा गांव-गांव पहुंचकर किसानों की समस्याओं को समझने, उनके हितों की आवाज संगठन के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करेगा। इस मौके पर विष्णु प्रताप सिंह, रणजीत राजभर, रुद्र प्रताप सिंह, दुर्गादत्त चतुर्वेदी, अशोक सिंह झब्बर आदि रहे। संचालन मोर्चा महामंत्री पंकज राय ने किया।

