दिलदारनगर : रेलपोल धंसने से डाउन लाइन पर प्रभावित हुआ ट्रेनों का परिचालन, मगध एक्सप्रेस 5 घंटे तो अन्य कई ट्रेनें घंटों हुई विलंबित





दिलदारनगर। मिर्जापुर के आमघाट के पास मिट्टी की खुदाई के दौरान रेलवे का इलेक्ट्रिक पोल धंसकर रेल पटरी के पास गिर जाने से डाउन लाइन पर रेल परिचालन प्रभावित हो गया। इसके चलते प्रयागराज-मिर्जापुर रेलखंड से गुजरने वाली डाउन दिशा की कई महत्वपूर्ण ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों विलंब से चल रही हैं। ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभिन्न स्टेशनों पर यात्री घंटों ट्रेन आने का इंतजार करने को मजबूर हैं। इस व्यवधान का असर दिलदारनगर स्टेशन पर पहुंचने वाली ट्रेनों पर भी देखने को मिल रहा है। नई दिल्ली से इस्लामपुर जाने वाली 20802 मगध एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय सुबह 9ः59 बजे से करीब पांच घंटे विलंब से चल रही है। वहीं, सूरत से भागलपुर जाने वाली ट्रेन निर्धारित समय दोपहर 3ः15 बजे से तीन से पांच घंटे की देरी से चल रही है। इसी तरह लोकमान्य तिलक से भागलपुर जाने वाली 12336 एक्सप्रेस सुबह 8ः42 बजे के निर्धारित समय से करीब साढ़े तीन घंटे विलंब से चल रही है। जबकि दिल्ली से कामाख्या जाने वाली 15657 ब्रह्मपुत्र मेल भी अपने निर्धारित समय सुबह 11ः43 बजे से लगभग साढ़े तीन घंटे की देरी से चल रही है। डाउन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होने से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अचानक परिचालन बाधित होने से यात्रियों का यात्रा समय बढ़ गया है और उन्हें स्टेशनों पर बैठकर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इस संबंध में यातायात निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि मिर्जापुर में मिट्टी की खुदाई के दौरान रेलपोल धंसने से डाउन लाइन का परिचालन प्रभावित हुआ है। इसके चलते इस रेलखंड से गुजरने वाली कई ट्रेनें विलंब से चल रही हैं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< भीमापार : उपेक्षा से आहत वरिष्ठ भाजपा नेता रघुवर ने जताई पार्टी छोड़ने की इच्छा, बाबरी विध्वंस में भी शामिल हुए थे रघुवर दयाल
गाजीपुर : भाजपा किसान मोर्चा की हुई परिचयात्मक बैठक, नवनियुक्त पदाधिकारी हुए सम्मानित >>