खानपुर : तेज रफ्तार बाइकों की भीषण भिड़ंत में मजदूरी कर घर लौट रहे मजदूर की दर्दनाक मौत, 2 युवक गंभीर, रेफर





खानपुर। थानाक्षेत्र के ईशोपुर गांव में मजदूरी कर घर लौट रहे मजदूर की बाइक से दूसरी बाइक की भीषण टक्कर हो गई। जिसमें मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दूसरी बाइक पर सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए दोनों को फौरन सैदपुर सीएचसी लाया गया, जहां से दोनों को बेहद गंभीर हाल में रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और उसकी शिनाख्त कर परिजनों को सूचित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सैदपुर के दौलतपुर निवासी 40 वर्षीय मजदूर धर्मेंद्र कुमार पुत्र महेंद्र राम खानपुर के बभनौली में बीडीसी के घर पर मजदूरी का काम कर रहा था। पूरे दिन वहां मजदूरी का कार्य कर शाम को रूपया लेकर वो जैसे ही घर के लिए बाइक से निकला, तभी ईंट भट्ठे के सामने तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से उसकी भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के पहिए का मेटल का रिम टूट गया, साथ ही टायर में आग लग गई। वहीं घटना में मजदूर धर्मेंद्र की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दूसरी बाइक पर सवार घोघवां रामपुर निवासी 40 वर्षीय राजेश वनवासी पुत्र शंकर वनवासी व उसके चचेरे भाई 25 वर्षीय धर्मेंद्र वनवासी नंदलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटी भीड़ ने पुलिस को सूचित कर दोनों को उपचार के लिए सैदपुर सीएचसी भेजा, जहां से वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना मिलते ही उसके परिजन भी रोते बिलखते पहुंचे। वो अपने पीछे पत्नी आरती देवी सहित एक पुत्र, एक पुत्री व मां आशा देवी को छोड़ गया है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< करंडा : महिला ने अपनी बेटी के गायब होने पर समाज के मानिंदों पर लगाया बेचने के लिए अपहरण करने का गंभीर आरोप, मुकदमा दर्ज
सैदपुर : तेज रफ्तार चार पहिया ने महाशिवरात्रि पर दर्शन करने जा रहे श्रद्धालु दंपत्ति को मारी टक्कर, दोनों रेफर >>