भीमापार : बंद पड़े सरकारी विद्यालय की खिड़की काटकर चोरों ने उड़ाई सामग्री, बच्चों के बर्तन तक नहीं छोड़े

भीमापार। क्षेत्र के रामदासपुर में बन्द पड़े पूर्व माध्यमिक विद्यालय की खिड़की काटकर चोरों ने हजारों रूपए कीमत का सामान चोरी कर लिया है। घटना का पता चलने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक ने चौकी पर तहरीर दी। गांव में बने इस विद्यालय को शासन द्वारा बंद कराया गया था। इस बीच विद्यालय में बने विज्ञान कक्ष की खिड़की की लोहे की ग्रिल चोरों ने काट दी और अंदर घुसकर चोरी कर लिया। ग्रामीणों से पता चलने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक मैना सिंह वहां पहुंचीं। बताया कि चोरों ने विज्ञान कक्ष की ग्रिल काटकर कार्यालय का ताला तोड़ दिया था। बताया कि बक्से में रखे सामान सहित खेल सामग्री, एमडीएम के बर्तन, भगौना, कड़ाही, तवा, थाली आदि हजारों कीमत के सामानों को चोरी कर लिया है। बताया कि गेट की चहारदीवारी गेट के सामने टूटी हुई थी। घटना के बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक ने भीमापार चौकी पर तहरीर दी है। चौकी प्रभारी ने बताया कि मौके पर जाकर मुआयना किया गया। जल्द ही खुलासा कर लिया जाएगा।

