कोऑपरेटिव बैंक में 21.47 करोड़ का बड़ा घोटाला, आरोपी तत्कालीन प्रबंधक से लगायत कई अधिकारी फरार





गोंडा। जिले में यूपी कोऑपरेटिव बैंक की बड़गांव शाखा में सामने आए करोड़ों रुपये के घोटाले ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 21 करोड़ 47 लाख रुपये की वित्तीय हेराफेरी के इस मामले में नामजद 15 आरोपी एक महीने बाद भी फरार हैं, जबकि पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में लगी होने का दावा कर रही है। इन फरार आरोपियों में बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक सहित तत्कालीन प्रबंधक और कैशियर जैसे जिम्मेदार पदों पर रहे अधिकारी शामिल हैं। नगर कोतवाली पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है। जांच से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि आरोपी अपने मोबाइल फोन बंद रखे हुए हैं और बार-बार ठिकाने बदल रहे हैं, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। हैरानी की बात यह है कि किसी भी आरोपी को अदालत से अग्रिम राहत नहीं मिली है, इसके बावजूद वे कानून की पकड़ से बाहर हैं। यह मामला 12 जनवरी को दर्ज किया गया था। वर्तमान शाखा प्रबंधक की शिकायत पर तत्कालीन अधिकारियों और कुछ खाताधारकों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच में खुलासा हुआ कि नियमों को ताक पर रखकर, कूटरचित दस्तावेजों के सहारे अपात्र लोगों को ऋण बांटे गए और बैंक की राशि का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया गया। पुलिस जांच में अब तक एक संगठित गिरोह की भूमिका सामने आई है, जिसमें बैंक के अंदरूनी लोग और कुछ खाताधारक शामिल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की परत-दर-परत जांच जारी है और फरार आरोपियों के खिलाफ कुर्की सहित अन्य सख्त कानूनी कदम उठाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< पीएचसी की एएनएम में लालच में प्रसूता को बता दी ऑपरेशन की जरूरत, निजी अस्पताल में बच्चे की मौत के बाद निजी अस्पताल सील
धुवार्जुन मे 16 फरवरी को विराट कुश्ती दंगल >>