सैदपुर : विश्वकप में भारत-पाक मैच व वैलेंटाइन डे आयोजनों के विरोध में हिंदू समिति ने तहसील में एसडीएम व कोतवाल को दिया पत्रक





सैदपुर। दुश्मन देश पाकिस्तान के साथ आगामी दिनों में आयोजित क्रिकेट मैच खेले जाने व वैलेंटाइन डे के विरोध में हिन्दू जनजागृति समिति ने शुक्रवार को एसडीएम व कोतवाल को शिकायती पत्र देकर इन आवश्यक कार्यवाही की मांग की। शुक्रवार को समिति के पदाधिकारी तहसील व कोतवाली पहुंचे, जहां एसडीएम डॉ. पुष्पेंद्र सिंह पटेल व कोतवाली में कोतवाल वीरेंद्र त्रिपाठी को पत्रक सौंपकर आगामी 14 फरवरी क़ो मनाए जाने वाले वैलेंटाइन डे के नाम पर होने वाले अनाचार को रोकने व 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत और पाकिस्तान के बीच ’आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप’ क्रिकेट मैच को रद्द करने की मांग की। राजन केसरी ने कहा कि बीते कुछ वर्षों से वैलेंटाईन डे की पाश्चात्य देशों की कुप्रथा भारत में भी तेजी से प्रचलित हो गई है। कहा कि ये सभी विदेशी संस्कृतियां हैं, जिन्हें व्यावसायिक लाभ के लिए विदेशी कंपनियों द्वारा भारत में तेजी से प्रसारित किया जा रहा है। जिसके चलते देश के युवाओं की नैतिकता का खात्मा हो रहा है और समाज गर्त में जा रहा है। कहा कि इस तरह के आयोजनों पर रोक लगाई जाए। इसके बाद विश्वकप में भारत पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को प्रायोजित क्रिकेट मैच का विरोध कर कहा कि भारत की नीति स्पष्ट और दृढ़ होनी चाहिए कि जब तक सीमा पार से आतंकवाद पर पूर्ण रूप से रोक न लगे, तब तक पाकिस्तान के साथ कोई संबंध नहीं रखा जाना चाहिए। कहा कि क्रिकेट के मैदान पर सिर्फ हाथ न मिलाना ही विरोध का तरीका नहीं है बल्कि ऐसे देश के साथ क्रिकेट भी नहीं होना चाहिए। उन्होंने उक्त मैच को रद करने की मांग की। जिस पर एसडीएम ने पत्र को उचित अधिकारियों तक भेजने का आश्वासन दिया। इस मौके पर अतुल दीक्षित, विपिन सिंह, गोपाल पांडेय, रामनारायण मिश्र, श्रीकांत जायसवाल, सतीश विश्वकर्मा, मोहित मिश्र, अनिल वर्मा, सोनू मौर्य, सतीश वर्मा, सोनराज सिंह आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : पूर्व मुख्यमंत्री व बसपा सुप्रीमो मायावती पर गायिका रूचि यादव द्वारा अश्लील गीत गाने का आरोप, बसपा ने थाने में दी तहरीर
गाजीपुर : जिले के 6 विधानसभाओं में एसआईआर कार्य में सहयोग को खुले सहयोग केंद्र, सैदपुर में जिला प्रभारी ने काटा फीता >>