सैदपुर : औड़िहार में दोस्तों संग नहाते हुए गंगा में डूबा किशोर, गोताखोरों से तलाश कराने में जुटी पुलिस, दोस्तों व परिजनों में कोहराम



सैदपुर। थानाक्षेत्र के औड़िहार स्थित बाराह घाट पर शनिवार को दोस्तों संग नहाने गया किशोर गहरे पानी में चले जाने से डूब गया। घटना के बाद मौके पर हड़कम्प मच गया। वहीं उसके डूबने की खबर मिलते ही परिजनों मे कोहराम मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरो की मदद से उसकी तलाश कराने की कोशिश की, लेकिन देरशाम तक उसका कोई पता नहीं लग सका है। औड़िहार के शेखपुर खलवां निवासी 17 वर्षीय अप्पदीप पुत्र बाबूलाल शनिवार की सुबह लगभग 10 बजे अपने दोस्त देवेंद्र, चंदन और विशाल के साथ नहाने के लिए बाराह घाट पर गया था। जहां नहाते समय पैर फिसलने से अप्पदीप गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। ये देखकर वहीं नहा रहे उसके दोस्तों ने शोर मचाया। जिसके बाद वही गंगा घाट पर नहा रहे अन्य लोगों का ध्यान ज़ब तक डूबते हुए किशोर पर जाता और वो उसे बचाने के लिए कूदते, तब तक वो गहरे पानी में समा चुका था। जिसके बाद आनन फानन में उसके दोस्तों ने रोते हुए उसके परिजनों को सूचना दी। वहीं स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। इधर मौके पर उसके दादा सुफेर व बहन बिलखते हुए पहुंचे। वहीं प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने भी स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराया। लेकिन अब तक किशोर का कुछ पता नहीं चला है। किशोर दो भाईयों व एक बहन में सबसे छोटा था। उसके पिता बाबूलाल वाराणसी में रहकर ऑटो रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद परिजनों में हाहाकार मचा हुआ है।
