देवकली : पूरे क्षेत्र में आपसी सद्भाव के साथ खेली गई कपड़ाफाड़ होली, रात तक चलता रहा मिलनी की दौर, पुलिस रही अलर्ट



देवकली। रंगों का पर्व होली आपसी प्रेम एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आस-पास के क्षेत्रों सहित पूरे क्षेत्र में मनाया गया। जिसमें कपड़ाफाड़ होली भी शामिल रही। सुबह से ही रंगों वाली होली दोपहर 2 बजे तक चली। तत्पश्चात लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले मिले और ये दौर देररात तक चलता रहा। पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रही। वहीं दोपहर में रमजान के दूसरे जुमे की नमाज को मस्जिदों में अदा किया गया। देवकली, पियरी, बासूपुर, होलीपुर, मुड़ियार, सोन्हुली, भितरी, धुवार्जुन, मौधियां, सियावां, भिखईपुर, मुस्लिमपुर, पहाड़पुर, शिवदासीचक, बासूचक, रामपुर मांझा, रसूलपुर कोलवर, सिकन्दरा, टड़ियापर आदि स्थानों पर हर्षोल्लास के साथ होली मनाई गई। रामपुर मांझा, देवचंदपुर, भितरी, बासूपुर, सैदपुर आदि की पुलिस अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर भ्रमण करके सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेती रही। पुलिस प्रशासन की सक्रियता की लोग सराहना कर रहे हैं। हल्की फुल्की मारपीट को छोड़कर कहीं से किसी अप्रिय घटना का कोई समाचार नहीं मिला।