सैदपुर : जिला जज ने मुंसफी में सिविल बार की कार्यकारिणी को दिलाई शपथ, कहा - ‘अधिवक्ताओं के हाथ में है लोकतंत्र की रक्षा’


सैदपुर। नगर स्थित मुंसफी के सभागार में सिविल बार एसोसिएशन के कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि जिला जज धर्मेंद्र पांडेय, एडीजे प्रथम शक्ति सिंह, स्पप्न आनंद शुक्ला व सिविल जज जूनियर डिविजन विवेक यादव ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को उनके पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान लल्लन सिंह यादव अध्यक्ष, आफताब आलम, जयहिंद व कालीचरन उपाध्यक्ष, ओमप्रकाश राय कोषाध्यक्ष, नित्यानंद दीक्षित व शिवगोविंद यादव कनिष्ठ उपाध्यक्ष, लल्लन सिंह महामंत्री, अरुण शर्मा व वीरेंद्र अवस्थी संयुक्त मंत्री, अमरदेव यादव पुस्तकालय मंत्री और ओमप्रकाश सिंह को प्रवक्ता शपथ दिलाई गई। वहीं वरिष्ठ कार्यकारिणी में 11 व कनिष्ठ कार्यकारिणी में 10 अधिवक्ताओं को शामिल किया गया। शपथ ग्रहण के बाद सभी का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। जिला जज ने कहा कि बार व बेंच के बीच समन्वय से ही वादियों को न्याय मिलता है। बार व बेंच के बीच समन्वय बना रहे, इसका पूरा ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। आनलाइन व्यवस्था के साथ ही तमाम बदलाव हुए हैं, एसोसिएशन के लोग इन बदलावों से सभी को परिचित कराएं। कहा कि लोकतंत्र की रक्षा का दायित्व अधिवक्ताओं के हाथों में है। इसके पूर्व उन्होंने सिविल न्यायालय का अवलोकन भी किया। इस मौके पर पेशकार मनीष पाण्डेय, बार संरक्षक व वरिष्ठ अधिवक्ता शिवाधार सिंह, अधिवक्ता राजेंद्र यादव, अवनीश चौबे, जितेंद्रनाथ सिंह, संतोष यादव, सुनील पाण्डेय, जफर खान, विद्या विनोद पाठक आदि रहे। संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता ओमप्रकाश सिंह ने किया।