बिरनो : गाने की तेज आवाज व रफ्तार कम करने को कहने पर मनबढ़ ट्रैक्टर चालक ने घर जाकर अधेड़ को पीटा, उसके बेटे को जान से मारने की दी धमकी


बिरनो। थानाक्षेत्र के महमूदपुर गांव में मनबढ़ व दबंग किस्म के ट्रैक्टर चालक ने तेज रफ्तार में चलने व तेज आवाज में गाना बजाने से मना करने पर उसके घर जाकर उसके पिता को मारपीट कर घायल कर दिया और मना करने वाले युवक को दिख जाने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने आरोपी चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। वहीं मनबढ़ चालक द्वारा धमकी दिए जाने का ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है। गांव निवासी लल्लन राजभर ने तहरीर देते हुए बताया कि हरेंद्र मनबढ़ व दबंग किस्म का ट्रैक्टर चालक है। बताया कि वो तेज रफ्तार में ट्रैक्टर ट्रॉली पर मिट्टी लादकर काफी तेज आवाज में गाने बजाते हुए जा रहा था। जिस पर उसे ऐसा करने से मना किया गया तो वो अपने साथियों के साथ लल्लन के घर आया और यहां उसे ढूंढने लगा। न मिलने पर पिता को मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद लल्लन को फोन करके उसे गालियां देते हुए मिलने पर ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने आरोपी चालक के खिलाफ थाने में नामजद तहरीर दी है। वहीं मनबढ़ चालक द्वारा फोन पर जान से मारने की धमकी देने का ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है।