नंदगंज : मजदूरी कर घर जा रहे मजदूर को तलवल के पास फोरलेन पर हाईस्पीड स्कॉर्पियो ने रौंदा, मौत के बाद मचा कोहराम


नंदगंज। थानाक्षेत्र के तलवल के पास वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर शनिवार की देरशाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मजदूर को रौंद दिया, जिसमें उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। धरवां निवासी 55 वर्षीय रामचंद्र बिंद शनिवार को मजदूरी करने के लिए घर से निकला था और रोज की तरह देरशाम 6 बजे मजदूरी से घर लौट रहा था। जिसके लिए वो ऑटो में बैठने के लिए सड़क पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे रौंद दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद रामचंद्र खून से लथपथ सड़क पर ही गिरकर छटपटाने लगा। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर उसे जिला अस्पताल भेजा, जहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों को जानकारी मिलने पर उनमें कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। वो अपने पीछे पत्नी पुष्पा समेत 3 पुत्रियां व 2 पुत्र छोड़ गया है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के बड़े पुत्र महेश ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है।

