सैदपुर : दिल्ली व मिल्कीपुर की प्रचंड जीत पर भाजपाईयों ने तहसील मुख्यालय पर मनाया जश्न, कहा - केजरीवाल के भ्रष्टाचार का अंत



सैदपुर। दिल्ली प्रदेश में भाजपा की बहुमत से सरकार बनने व मिल्कीपुर के उपचुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत पर सैदपुर तहसील मुख्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जमकर जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने 27 साल के वनवास के बाद दिल्ली में वापसी व मिल्कीपुर की ऐतिहासिक जीत पर जमकर आतिशबाजी की। इसके बाद एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। जश्न के दौरान वहां ढोल तासे बजाकर सभी नाचकर भी खुशी मना रहे थे। इसके पूर्व पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। नरेंद्र पाठक ने कहा कि ये जीत कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है। कहा कि आज 27 साल बाद हम दिल्ली में प्रचंड बहुमत के साथ जीतकर सरकार बनाने जा रहे हैं। कहा कि दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल के मक्कारी व झूठ से भरे भ्रष्ट शासन से त्रस्त हो गयी थी। आज पूरी दिल्ली सहित देश भर में जिस प्रकार से अरविंद केजरीवाल ने राजनीति का बेड़ा गर्क किया है, उसका दिल्लीवासियों ने आज अंत कर दिया। कहा कि आज झूठ-फरेब और फर्जी लोगों की हार व सत्य व न्याय की जीत हुई है। कहा कि दिल्ली की जनता ने आज साबित कर दिया कि लोगों के हृदय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही बसते हैं। अब देश में झूठ-फरेब और जातिवाद की राजनीति नहीं चलेगी बल्कि अब विकास की राजनीति चलेगी। इसके साथ ही संविधान बदलने व मोदी की लहर खत्म होने के उस अफवाह का भी अंत हो गया, जिसे विपक्ष लोकसभा चुनाव से ही फैलाकर आमजन को बरगलाने को कोशिश कर रहा है। लेकिन पहले महाराष्ट्र की जनता ने और अब दिल्ली व मिल्कीपुर की जनता ने भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाकर विपक्ष के उस झूठ को सिरे से खारिज कर दिया है। कहा कि जमीनी स्तर पर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने दोनों जगह जिस प्रकार से जी-तोड़ मेहनत किया वह निश्चित रूप से साधुवाद के पात्र हैं। आने वाले समय में भी भाजपा सबका साथ सबका विकास के साथ काम करती रहेगी, यही इस जीत का संदेश है। इस मौके सुधीर पाटिल, मोहित मिश्र, आशीष श्रीवास्तव, गायक राकेश यादव, अमित सिंह, अखिलेश मौर्य, पूनम मौर्या, अनिल सिंह, अनिल श्रीवास्तव, राजेश चौरसिया आदि रहे।
