चालक के मौत का कारण बन गयी आधे सेकेंड की झपकी, कई फ़ीट खाई में पलटी कार, 4 दोस्तों की हालत गम्भीर, रेफर


सैदपुर। थानाक्षेत्र के भितरी स्थित बबुरहनी मोड़ के पास तेज रफ़्तार चार पहिया अंधेरे के चलते बीती रात अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। जिसके चलते वाहन चला रहे युवक की मौत हो गयी, वहीं उसमें सवार 4 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिये अस्पताल लाया गया। जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। वहीं शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। भितरी के एकावस पट्टी निवासी रिजवान खान 35 व दीपक जायसवाल आपस में दोस्त हैं। दीपक, रिजवान सहित अंतु कुमार, रंजय राजभर व आलोक पांडेय के साथ घूमने गए थे। गाड़ी दीपक की थी और उसे रिजवान। चला रहा था। इस बीच रात में वो वापिस लौट रहे थे। तभी अचानक बबुरहनी मोड़ पर रिजवान को झपकी आ गयी और अंधेरे के चलते अंदाजा नहीं मिलने से गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। घटना में रिजवान की मौत हो गयी। वहीं बाकी चारो गम्भीर रूप से घायल हो गए। इधर तेज आवाज सुनकर रात में ही भीड़ जुट गई और रात में ही ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना देकर अस्पताल भेजा। वहीं मृतक रिजवान के शव को पुलिस लेकर थाने आयी। इधर घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। 3 भाइयों में सबसे बड़ा रिजवान मांस का व्यापारी था। घटना के बाद उसकी पत्नी नूरसबा का रो-रोकर बुरा हाल था। उसकी 6 साल की बेटी भी रो रही थी।