खानपुर की एनसीसी कैडेट ने गाड़ा झंडा, गणतंत्र दिवस पर दिल्ली स्थित राजपथ पर तीनों सेनाओं के साथ करेगी परेड





खानपुर। क्षेत्र के अमेदा गांव की एक छात्रा ने जिले का पूरे प्रदेश व देश में मान बढ़ाया है। छात्रा का चयन आगामी गणतंत्र दिवस के मौके पर राजपथ पर होने वाली परेड के लिए हुआ है। अमेंदा निवासिनी नंदिनी सिंह अमरेश सिंह आजाद की बेटी हैं और चौबेपुर स्थित एसओएस स्कूल में कक्षा 9 की छात्रा हैं। नंदिनी पढ़ाई में मेधावी होने के साथ ही एनसीसी में भी काफी बेहतरीन कैडेट है। 2023 की गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के राजपथ पर होने वाली परेड में नंदिनी सिंह उत्तर प्रदेश की तरफ से एनसीसी की जूनियर टीम में बतौर कैडेट चयनित होने वाली इकलौती छात्रा है। नंदिनी की मां शोभा सिंह ने इस चयन के बाद प्रफुल्लित होते हुए बताया कि चित्रकला में पारंगत नंदिनी को एनसीसी के नियम-कायदे और अनुशासन खूब पसंद हैं। नंदिनी की इस राष्ट्रीय उपलब्धि के बाद पूरा गांव और क्षेत्र गौरवान्वित है। पिता आजाद ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने और प्रशिक्षण के लिए नंदिनी एक जनवरी को दिल्ली जाएगी, जहां 29 जनवरी तक प्रवास करेगी। इस दौरान वो अभ्यास के साथ ही गणतंत्र दिवस के मुख्य परेड व अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेगी। वहीं नंदिनी सिंह ने उत्साहित होकर बताया कि गणतंत्र दिवस के मुख्य परेड में शामिल होने पर गर्व महसूस हो रहा है। देश की राष्ट्रपति व राजपथ पर लगी दुनिया भर के करोड़ों लोगों की नजरों के सामने तीनों सेनाओं के साथ खुद को संयमित और अनुशासित अंदाज में पेश करना बहुत रोमांचकारी अनुभव होगा। इधर नंदिनी सिंह के गणतंत्र दिवस पर मुख्य परेड में शामिल होने की खबर मिलते ही क्षेत्र के कई गणमान्य प्रबुद्ध और जनप्रतिनिधि होनहार बिटिया को बधाई देने उसके घर पहुंचने लगे हैं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जिले की स्वास्थ्य समिति ने पूरे प्रदेश में हासिल किया नंबर 1 का ताज, सराहना कर रहे लोग
गांव के बच्चों की तकनीकी शिक्षा के लिए आयकर उपायुक्त ने सरकारी स्कूल में बनवाया कम्प्यूटर कक्ष, पिता को किया समर्पित >>