जखनियां सीएचसी पर टीका लगवाने को उमड़ी भीड़, गाइडलाइंस का उड़ा खुला मखौल


बहरियाबाद। कोरोना का टीका लगवाने के लिए जखनियां सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में लंबी कतार लग रही है। लोग सुबह पांच बजे से ही कतारों में लग जाते हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी असुविधा की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहती है। जखनियां सीएचसी पर दो टीकाकरण केंद्रों पर रोज 12 से 1500 लोगों का टीकाकरण हो रहा है। मंगलवार को वैक्सीन लगवाने आए लोगों की लंबी कतार देखी गई और 1370 लोगों को ’कोवैक्सिन’ का टीका लगाया गया। हालांकि इस दौरान लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का जमकर मखौल उड़ाया। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी विनोद यादव ने बताया कि विगत महीने तक कोविड टीकाकरण के लिये गांव-गांव कैंप लगाकर लोगों को प्रेरित करना पड़ता था। कहीं-कहीं तो स्वास्थ्य टीम को लोगों की अभद्रता का भी सामना करना पड़ता था। जिससे टीम को बैरंग लौट कर आना पड़ता था। लेकिन आज परिस्थितियां बदली हैं और लोग कोविड टीकाकरण के प्रति जागरुक हो रहे हैं। इसमें सामाजिक संगठनो का विशेष योगदान रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता अरविन्द यादव ने बताया कि कुछ दिनों पहले तक लोगों के मन में तमाम भ्रांतियां फैली हुई थी। कुछ लोग इसे मोदी का टीका कहते थे। लेकिन वर्तमान समय में लोग जागरुक हो रहे हैं। अधीक्षक डा. योगेन्द्र यादव ने कहा कि टीकाकरण अभियान में कई टीमों को गठित कर टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी विनोद यादव समेत बीपीएम मनीष गुप्ता, डा.मनीष वर्मा, ममता सिंह आदि का विशेष योगदान है।