देवकली : चक्रवाती तूफान व बर्फीली बारिश से खानकाह कलां में गिरी कच्ची दीवार, दबने से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत, अनाथ हुए बच्चे





देवकली। रविवार की शाम को पूरे क्षेत्र में आये चक्रवाती तूफान और बर्फीली बारिश ने आखिरकार पति-पत्नी की जान ले ही ली। रामपुर मांझा थानाक्षेत्र के खानकाह कलां में आये चक्रवाती तूफान में कच्ची घर की दीवार गिरने से दम्पति की मौत हो गयी। एक ही घर में एक साथ 2 मौत से पूरे गांव में हड़कम्प मच गया, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। रविवार को आये चक्रवाती तूफान के साथ करीब आधे घण्टे के लिए ओले के साथ भीषण बारिश हुई थी। इस बीच शाम करीब 5 बजे गांव निवासी 47 वर्षीय बहादुर राम पुत्र सुंदर राम के घर की कच्ची दीवार भरभराकर गिर पड़ी। जिससे बहादुर और उनकी पत्नी 43 वर्षीय प्रेमा देवी उसी में दब गई। दबने के चलते प्रेमा की जहां मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी, वहीं बहादुर गम्भीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें फौरन सैदपुर सीएचसी लाया गया, जहां उनकी भी मौत हो गयी। घटना के बाद एक साथ दो मौत होने से परिजनों में हाहाकार मच गया। वहीं गांव में हड़कम्प मच गया और हर तरफ शोक की लहर दौड़ गयी। गांव के लोग मृतकों के घर की तरफ दौड़ पड़े। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक 2 पुत्र छोड़ गए हैं। सभी का रोरोकर बुरा हाल है। एक साथ माता-पिता दोनों का साया सिर से उठ जाने से गांव के लोग भी बच्चों के प्रति मर्माहत दिखे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जमानियां : कई दिनों से गायब 6 बच्चों को सकुशल बरामद कर आखिरकार पुलिस ने जीत ली बड़ी जंग, बच्चों से मिलकर रो पड़े परिजन