करंडा : ‘धरती हिलाएंगे, करंडा बचाएंगे’ के नारों से गूंजा करंडा ब्लॉक, दूसरे दिन भी चला अनिश्चितकालीन धरना


करंडा। भ्रष्टाचार के विरोध में स्थानीय ब्लॉक परिसर में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। जिसके चलते पूरे दिन परिसर में गहमा गहमी की स्थिति बनी रही। धरने में पंचायत सचिवालय का भुगतान रोके जाने और योजनाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा। धरने के दूसरे दिन भी होने के बावजूद अब तक प्रशासन की तरफ कोई संतोषजनक कदम नहीं उठाया गया है। इधर धरने का नेतृत्व कर रहे ग्राम प्रधान राजेश बनवासी का आरोप है कि करंडा ब्लॉक में बिना कमीशन के कोई काम नहीं होता है। पंचायत सचिवालय बनकर तैयार है, लेकिन भुगतान वर्षों से रोका गया है। शनिवार की दोपहर 1 बजे धरने को संबोधित करते हुए प्रधान ने चेताया कि जब तक जिलाधिकारी खुद आकर जनता की बात नहीं सुनते, धरना खत्म नहीं होगा। कहा कि अगर हमारे द्वारा किए जा रहे धरने का असर अधिकारियों पर नहीं होता है तो हम जल्द ही भूख हड़ताल भी शुरू कर देंगे और उससे भी कोई निष्कर्ष नहीं निकला तो सड़कों पर प्रदर्शन किया जाएगा। धरने में भारी संख्या में मौजूद महिला, युवा आदि लोग ‘जनता ने संभाली कमान, धरती हिलाएंगे, करंडा बचाएंगे’ आदि नारे लगा रहे थे।