दुल्लहपुर : ननिहाल में रह रहे इलेक्ट्रिशियन की करंट लगने से मौत, मचा कोहराम


दुल्लहपुर। थानाक्षेत्र के जलालाबाद स्थित बड़ा मियना में रविवार की सुबह करंट लगने से इलेक्ट्रिशियन की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जखनियां के बादशाहपुर निवासी विवेक चौहान बचपन से ही अपने ननिहाल बड़ा मियना में रहता था। करीब एक साल पूर्व ही उसकी शादी चुरामनपुर निवासिनी चंदा से हुई थी। रविवार को वो अपने ननिहाल में मोटर का कनेक्शन कर रहा था। उसी समय करंट उतरने से वो उसकी जद में आ गया और करंट लगने के चलते उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने उसे तत्काल मऊ पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक दो भाइयों व एक बहन में बड़ा था। भाई-बहन अभी पढ़ाई कर रहे हैं और माता-पिता प्रयागराज में रहते हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अन्य समाचार
फेसबुक पेज