सादात ब्लॉक प्रमुख पद पर केवली देवी हो सकती हैं काबिज, संतोष यादव की लीडरशिप ने विरोधी दिग्गजों को किया एकराय


बहरियाबाद। सादात ब्लॉक में आगामी दिनों में होने वाले ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव के मद्देनजर सोमवार को सादात नगर स्थित पूर्व ब्लॉक प्रमुख धर्मदेव यादव के आवास पर बैठककर दिग्गजों ने चुनावी स्थिति को पूरी तरह से पलट दिया। इस दौरान अब तक एक दूसरे के सामने चुनावी प्रतिद्वंदी के रूप में दिख रहे सभी उम्मीदवारों ने लोगों की उम्मीदों को झटका देते हुए पूर्व ब्लॉक प्रमुख केवली देवी को निर्विरोध रूप से ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित कराने का संकल्प ले लिया। बैठक में मौजूद निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख कमलेश सिंह होकाडू समेत पूर्व ब्लॉक प्रमुख संतोष यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख धर्मदेव यादव आदि दिग्गजों ने पूरी तरह से संतोष यादव द्वारा समर्थित पूर्व ब्लॉक प्रमुख केवली देवी को ब्लॉक प्रमुख बनाने व अपने समर्थितों की दावेदारी को वापस कराकर उनकी जीत को लगभग सुनिश्चित कर दिया। गौरतलब है कि 2010 में अनुसूचित सीट पर केवली देवी पूर्व ब्लॉक प्रमुख संतोष यादव के समर्थन से ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं। वहीं एक बार फिर से सीट अनुसूचित होने पर उन्होंने संतोष यादव के समर्थन से चुनावी मैदान में पूरी ताकत झोंक दी थी। वहीं निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख कमलेश सिंह होकाडू सहित सभी अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में अब तक जमकर प्रचार-प्रसार कर रहे थे। लेकिन इस बैठक के बाद सभी ने अपना समर्थन केवली देवी को दे दिया। इस बाबत निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख कमलेश सिंह होकाडू ने कहा कि पिछली बार मेरी पत्नी के निर्विरोध निर्वाचन में संतोष यादव का योगदान था। इसी के चलते अबकी उनके प्रत्याशी केवली देवी के निर्विरोध निर्वाचन में मेरा पूरा योगदान होगा। वहीं पूर्व ब्लाक प्रमुख धर्मदेव यादव ने कहा कि जाति धर्म से ऊपर उठकर मैं सादात के विकास के लिए केवली देवी के साथ हूँ। वहीं सभी के समर्थन के लिए संतोष यादव ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विकास ही राजनीति का एक मात्र उद्देश्य है। इस मौके पर अरविंद सिंह, अनिल सिंह, अरविंद यादव, जितेन्द्र पाण्डेय, उत्कर्ष पाण्डेय, सुरेश यादव, राणा यादव, रमेश यादव, रविन्द्र यादव आदि ग्राम प्रधान व बीडीसी मौजूद रहे। अध्यक्षता किशोर यादव ने किया।