अनौनी : दोस्त के घर में बरही संस्कार से लौटते समय पेड़ से टकराई अनियंत्रित बाइक, युवक की मौत, दूसरा गंभीर





अनौनी। दोस्त के घर से बरही कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे दो युवक रविवार की रात सड़क हादसे का शिकार हो गए। बहेरी डगरा के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बरगद के पेड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। आजमगढ़ जिले के तरवां थानाक्षेत्र निवासी संतोष पाल (28) पुत्र स्व. सभाजीत पाल और अंकित यादव (29) पुत्र मथुरा यादव रविवार को खानपुर थानाक्षेत्र के फरीदहां गांव निवासी अपने मित्र अजीत यादव के घर बरही कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दोनों रात करीब 11 बजे बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बहेरी डगरा के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बरगद के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान संतोष पाल ने दम तोड़ दिया, जबकि अंकित यादव की हालत चिंताजनक बनी हुई है। इधर युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे से मृतक व दोस्त दोनों के परिवारों में शोक का माहौल है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< दुल्लहपुर : बाइक सवार महिला ठग ने झांसा देकर उतरवाए गहने, नकली आभूषण का डिब्बा थमाकर हुई फरार
सैदपुर : एसडीएम को फिर मिला बीडीओ का चार्ज, सचिवों संग बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा और जिम्मेदारी निभाने की दी हिदायत >>