गोरखपुर : अयोध्या से जनकपुर के बीच दौड़ेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस, राम-जानकी के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती, मुख्यमंत्री योगी ने की सराहना





गोरखपुर। अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और पारिवारिक रिश्तों को अब रेल संपर्क के जरिए नई मजबूती मिलने जा रही है। सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत-नेपाल की चिरस्थायी मित्रता और साझा विरासत को आगे बढ़ाने वाला ऐतिहासिक कदम बताया। सोमवार को अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि यह ट्रेन केवल दो धार्मिक स्थलों को जोड़ने का माध्यम नहीं, बल्कि दोनों देशों की आस्था, संस्कृति, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने का जरिया बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत और विकास’ के विजन का यह महत्वपूर्ण उदाहरण है। मां सरयू की नगरी अयोध्या और माता जानकी की भूमि जनकपुर के बीच रेल सेवा शुरू होने से नेपाल के श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचने में सुविधा होगी। वहीं भारतीय श्रद्धालु भी आसानी से जनकपुर धाम जाकर माता जानकी का दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का संबंध महज दो पड़ोसी देशों का भौगोलिक रिश्ता नहीं है, बल्कि हजारों वर्षों की साझा संस्कृति, आस्था और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ा है। इसे राम-जानकी की परंपरा में रोटी-बेटी का रिश्ता कहा जाता है। भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह से जुड़ी स्मृतियां आज भी अयोध्या और मिथिला क्षेत्र में जीवंत हैं। जनकपुर में विवाह पंचमी का उत्सव मनाया जाता है तो अयोध्या में भी मंगल गीत गूंजते हैं। मुख्यमंत्री ने भारत और नेपाल के बीच धार्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए पशुपतिनाथ से काशी विश्वनाथ और लुंबिनी से कुशीनगर तक फैली साझा आध्यात्मिक विरासत की चर्चा की। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच खुली सीमा और सदियों पुराने पारिवारिक संबंध आपसी विश्वास की मिसाल हैं। प्रतिदिन हजारों लोग व्यापार, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और पारिवारिक कार्यों के लिए एक-दूसरे के देश में आते-जाते हैं। ऐसे में सड़क, रेल और डिजिटल संपर्क का विस्तार दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करेगा। उन्होंने बताया कि सरयू-कमला एक्सप्रेस सीतामढ़ी के पुनौरा धाम से होकर गुजरेगी। उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के 10 महत्वपूर्ण स्टेशनों पर इसके ठहराव से धार्मिक पर्यटन के साथ व्यापार, होटल व्यवसाय, स्थानीय हस्तशिल्प और परिवहन क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा। विशेष रूप से जनकपुर की प्रसिद्ध मिथिला पेंटिंग से जुड़ी महिला कलाकारों और स्थानीय कारीगरों को अपने उत्पादों के लिए नए बाजार मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, आधुनिक रेलवे सुविधाओं और बेहतर सड़क संपर्क के जरिए धार्मिक पर्यटन का विस्तार हो रहा है। सरयू-कमला एक्सप्रेस रामायण सर्किट और बौद्ध सर्किट को भी नई गति देगी। उन्होंने नेपाल सीमा से जुड़े उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में विकसित हो रही सड़क, रेल और व्यापारिक परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे सीमावर्ती इलाकों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि रुपईडीहा में लैंड पोर्ट, सोनौली-भैरहवा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट और विभिन्न सड़क परियोजनाओं के माध्यम से भारत-नेपाल व्यापार को बढ़ावा दिया जा रहा है। अयोध्या से सीतामढ़ी होते हुए जनकपुर की ओर प्रस्तावित श्रीराम-जानकी मार्ग भी दोनों देशों के धार्मिक और सांस्कृतिक संपर्क को विस्तार देगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दिल्ली से जुड़े। वहीं अयोध्या में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे, विधायक रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान, अभय सिंह, पूर्व सांसद लल्लू सिंह सहित रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : जोनल कराटे चैंपियनशिप में डहरा कलां के जीबी इंटरनेशनल स्कूल का दिखा दबदबा, 13 गोल्ड सहित 16 मेडल जीतकर पूर्वांचल में रोशन किया नाम
देवकली : मौनी बाबा धाम में आस्था का प्रतीक कार्तिक पूर्णिमा मेला, पूर्णिमा को होगा मुख्य स्नान पर्व >>