जखनियां : बहन के घर तिलक समारोह में आए युवक की ट्रेन की चपेट में आकर हुई दर्दनाक मौत, परिजनों का बुरा हाल





जखनियां। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह ट्रेन में सवार होते समय पैर फिसलने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की शिनाख्त वाराणसी के धौरहरा गांव निवासी संजय शर्मा के रूप में हुई। वो अपनी बहन के घर शादियाबाद क्षेत्र के खानपुर रघुबर गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। सोमवार की सुबह रिश्तेदार उन्हें घर जाने के लिए जखनियां रेलवे स्टेशन छोड़कर चले गए थे। इसी दौरान मऊ से वाराणसी सिटी जाने वाली तमसा पैसेंजर ट्रेन स्टेशन पर पहुंची। संजय शर्मा ट्रेन में चढ़ने लगे, तभी कोच में यात्रियों की अधिक भीड़ होने के कारण उनका पैर फिसल गया और वह प्लेटफार्म पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों ने तत्काल उन्हें ट्रेन से दूर किया। घटना की जानकारी मिलने पर उनकी बहन के रिश्तेदार सरोज ठाकुर मौके पर पहुंचे और धौरहरा गांव स्थित परिजनों को सूचना दी। घायल संजय को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, परिजनों को उनकी मौत का विश्वास नहीं हुआ और बेहतर उपचार की उम्मीद में उन्हें वाराणसी लेकर चले गए। वहां भी चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि की। इसके बाद वाराणसी में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद स्टेशन मास्टर विनोद यादव ने मेमो के माध्यम से भुड़कुड़ा कोतवाली, जीआरपी दुल्लहपुर और आरपीएफ मऊ को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। संजय शर्मा की असामयिक मौत से दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई। उनकी पत्नी सीमा शर्मा और पिता झगरू शर्मा का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सादात : नवागत खंड शिक्षा अधिकारी ने संभाला कार्यभार, शिक्षकों ने किया स्वागत
गाजीपुर : छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए पीजी कॉलेज में बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण जारी, 26 नवंबर तक मिलेगा मौका >>