नंदगंज : दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत छह पर मुकदमा दर्ज, घर में संदिग्ध हाल में मिला था शव





नंदगंज। थानाक्षेत्र के सराय शरीफ गांव में शनिवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 25 वर्षीय आरती पत्नी विजय कुमार का शव घर के अंदर दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी रविवार की सुबह मायके पक्ष को दी गई। सूचना मिलते ही पहुंचे परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र के मऊपारा गांव निवासी रामाकांत राम की पुत्री आरती की शादी 20 नवंबर 2022 को सराय शरीफ गांव निवासी कोमल राम के पुत्र विजय कुमार के साथ हुई थी। दंपती की दो बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी वर्तिका तीन वर्ष और छोटी बेटी अर्षिता दो वर्ष की है। मृतका के पिता रामाकांत राम ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से पांच लाख रुपये नकद और पल्सर बाइक की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि सास, ससुर और ननदें भी उसके साथ मारपीट करती थीं। उन्होंने कई बार बेटी के ससुराल पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। पिता के मुताबिक, रविवार सुबह दामाद विजय कुमार ने फोन कर आरती की मौत की सूचना दी। इसके बाद वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सराय शरीफ पहुंचे। वहां आरती का शव घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने पहले उसकी हत्या की और फिर शव को फंदे से लटका दिया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र ने बताया कि मृतका के पिता रामाकांत राम की तहरीर पर पति विजय कुमार, ससुर कोमल राम, सास शोभारी देवी तथा तीन ननद चंदा, चम्पा और सरोज के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< बहरियाबाद : राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में यूपी बालक टीम के मैनेजर बने उदय शर्मा, एमपी में होगी अंडर-14 राष्ट्रीय विद्यालयीय प्रतियोगिता
शादियाबाद : तिलकोत्सव में जा रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बेसो नदी के पास खाई में पलटी, चालक गंभीर, महिलाएं व बच्चे आंशिक रूप से घायल >>