गोरखपुर : डीआरएम ने गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य का किया निरीक्षण, कप्तानगंज में अमृत भारत योजना की भी परखी प्रगति





वाराणसी। पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने शुक्रवार को गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कप्तानगंज-घुघली स्टेशनों के बीच प्रस्तावित कट कनेक्शन कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। इसके बाद डीआरएम ने कप्तानगंज स्टेशन का निरीक्षण कर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, नवनिर्मित पैनल रूम, रिले रूम, आईपीएस रूम, प्रतीक्षालय तथा आरक्षित और अनारक्षित टिकट काउंटरों का निरीक्षण किया। उन्होंने दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए रैंप की व्यवस्था सुनिश्चित करने और अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने का निर्देश दिया। प्लेटफॉर्म संख्या एक पर संचालित खानपान स्टॉल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने लाइसेंस और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं स्थिति की जांच की। स्टॉल संचालक को निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था बनाए रखने को कहा। इसके अलावा स्टेशन पैनल का निरीक्षण कर पॉइंट्समैन और स्टेशन मास्टर से सुरक्षित रेल परिचालन की जानकारी ली। उन्होंने संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विकास कुमार सिंह, शैलेंद्र कुमार, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर अमित मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पाल, मंडल विद्युत इंजीनियर दीपक यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सादात : बाइक से गिरकर स्कूल बस की चपेट में आने से महिला की मौत के मामले में जांच शुरू, स्कूली बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जखनियां : गोपाष्टमी पर गोरखनाथ गौशाला में विधि-विधान से हुआ गोमाता का पूजन, लौजारी बाबा ने की विश्व कल्याण की कामना >>