बहरियाबाद : अंबेडकरनगर पुलिस एनकाउंटर में ढेर हुए कुख्यात वाहिद का शव पैतृक गांव पहुंचा, पुलिस सुरक्षा में हुआ सुपुर्द-ए-खाक





बहरियाबाद। उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए बहरियाबाद थानाक्षेत्र निवासी वाहिद अंसारी का शव बुधवार की देर रात पोस्टमार्टम के बाद पुलिस सुरक्षा में उसके पैतृक गांव पहुंचा। शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। वहीं, शव पहुंचने की जानकारी मिलने पर गांव के लोगों और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई। देर रात करीब 11 बजे पुलिस की कड़ी निगरानी में शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी वासुदेव प्रसाद पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी करती रही। गौरतलब है कि मंगलवार की देर रात अंबेडकरनगर जिले के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में शिवबाबा बैरियर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी। पुलिस के अनुसार, बैरियर पर वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान गोली लगने से वाहिद अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। घायल वाहिद को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में अकबरपुर कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र सिंह और स्वाट टीम के मुख्य आरक्षी सोनू यादव भी गोली लगने से घायल हुए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, वाहिद अंसारी का नाम पूर्वांचल में अवैध असलहों की सप्लाई और सुपारी लेकर हत्या करने वाले गिरोह से जुड़ा था। वह बिल्लू इंदोरिया गैंग का सक्रिय सदस्य बताया गया है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत करीब 35 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। गोरखपुर के कैंट थाने में भी वह एक मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस मुठभेड़ में उसकी मौत के बाद बहरियाबाद क्षेत्र में भी इसकी चर्चा रही। वहीं, पुलिस अब उसके फरार साथी और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : वेद इंटरनेशनल स्कूल में लगे प्रशिक्षण शिविर में सड़क सुरक्षा के नियमों से रूबरू हुए बच्चे, अधिकारियों ने शपथ दिला हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
सैदपुर : विवाद के बीच राजस्व-पुलिस टीम ने महिलाओं व सामान को बाहर निकाल खाली कराया घर, खुले आसमान के नीचे बैठी विधवा व वृद्धा ने लगाई न्याय की गुहार >>