वाराणसी : त्योहार स्पेशल ट्रेनों में एक दिसंबर तक विभिन्न तिथियों पर उपलब्ध हैं सीटें, वापस जाने वाले यात्रियों को मिलेगी सहूलियत

वाराणसी। दीपावली और छठ पर्व के बाद यात्रियों की वापसी के लिए रेलवे प्रशासन की ओर से चलाई जा रही विशेष ट्रेनों में कुछ तारीखों पर बर्थ उपलब्ध हैं। पूर्वाेत्तर रेलवे की ओर से 19 नवंबर की शाम जारी जानकारी के अनुसार एक दिसंबर 2026 तक कुछ विशेष ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों में सीटें खाली हैं। रेलवे के अनुसार गोरखपुर से चलने वाली ट्रेन संख्या 05101 गोरखपुर-शकूरबस्ती त्योहार विशेष में 29 नवंबर को वातानुकूलित प्रथम श्रेणी में चार और वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी में आठ बर्थ उपलब्ध हैं। इसी तरह बनारस से चलने वाली ट्रेन संख्या 05048 बनारस-कोलकाता विशेष में 24 नवंबर को वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी में 495 बर्थ उपलब्ध बताई गई हैं। वहीं गोरखपुर से चलने वाली ट्रेन संख्या 03528 गोरखपुर-आसनसोल विशेष में 21 नवंबर को वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी में 59 और वातानुकूलित तृतीय श्रेणी में 230 बर्थ उपलब्ध हैं। इसी ट्रेन में 28 नवंबर को वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी में 75, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी में 342 और शयनयान श्रेणी में 317 बर्थ खाली बताई गई हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से उपलब्धता के अनुसार समय रहते टिकट आरक्षित कराने की अपील की है। यह सीटों की स्थिति 19 नवंबर की शाम की है, इसलिए बुकिंग के समय उपलब्धता में बदलाव संभव है।

