जखनियां : मातृशक्ति के सम्मान से परिवार और समाज में आती है सुख-समृद्धि - सर्वानंद चौबे





जखनियां। क्षेत्र के मखदुमपुर गांव में सात दिनों से चल रही गरुड़ पुराण कथा के 7वें दिन व्यास आचार्य सर्वानंद चौबे ने मातृशक्ति की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति सृष्टि की रचयिता और संसार के संचालन का प्रमुख आधार है। जिस समाज में महिलाओं का सम्मान होता है, वहां परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है। आचार्य ने कहा कि मातृशक्ति केवल परिवार का आधार ही नहीं, बल्कि प्रेम, त्याग, समर्पण और संस्कारों की प्रतिमूर्ति भी है। मां अपने बच्चों को अच्छे संस्कार देकर उनके जीवन को सही दिशा प्रदान करती है। परिवार और समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को मातृशक्ति का सम्मान करना चाहिए। महिलाओं के सम्मान से ही घर-परिवार में सुख-समृद्धि का वातावरण बनता है। मानव जीवन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि अनेक योनियों में भटकने के बाद जीव को मनुष्य जीवन प्राप्त होता है। यह जीवन अत्यंत दुर्लभ और सौभाग्यशाली है। ईश्वर ने मनुष्य को अनेक जिम्मेदारियां सौंपी हैं, जिनका निर्वहन करना उसका कर्तव्य है। मनुष्य को स्वार्थ और भौतिक सुख-सुविधाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य धन-दौलत जुटाना मात्र नहीं, बल्कि सदाचार, सत्कर्म, परोपकार और ईश्वर भक्ति के माध्यम से जीवन को सार्थक बनाना है। अच्छे कर्मों और भक्ति के मार्ग पर चलकर ही मनुष्य जन्म-मरण के बंधन से मुक्ति पाने का मार्ग प्रशस्त कर सकता है। इस मौके पर राजनारायण यादव, डॉ. अजीत यादव, डॉ. बाढू यादव, श्यामलाल आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : सब्जी कारोबारी पर हमले के बाद व्यापारियों में आक्रोश, आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग के साथ सीओ से की मुलाकात
खानपुर : तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से युवक घायल, सीएचसी में चल रहा उपचार >>