सादात : गंगा घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, श्रद्धालुओं ने दिया अर्घ्य, छठ के पारंपरिक गीतों के बीच हुई पूजा





सादात। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ के तीसरे दिन रविवार को सैदपुर नगर के ऐतिहासिक बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठी मइया की आराधना की। इस अवसर पर सादात के पूर्व चेयरमैन शिवानंद सिंह मुन्ना के परिवार ने भी पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। रविवार की शाम होते ही बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पूर्व चेयरमैन का परिवार छठ के पारंपरिक गीतों और गाजे-बाजे के साथ घाट पर पहुंचा। घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच व्रती महिलाओं ने कमर भर पानी में खड़े होकर दूध और जल से अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने छठी मइया से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। छठ पर्व को लेकर बूढ़ेनाथ महादेव घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए थे। घाट पर छठ के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< देवकली : छठ माता की प्रतिमा का पट खोलकर किया गया महापर्व का शुभारंभ, अर्घ्य देने को गांगी किनारे उमड़ी भीड़
मोहम्मदाबाद : ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा घायल >>