औड़िहार : ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच वाराह घाट पर व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, सैकड़ों वेदियों पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से की छठी माता की पूजा





औड़िहार। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व डाला छठ शुक्रवार को औड़िहार स्थित वाराह घाट पर पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर बनाई गई वेदियों पर विधि-विधान से छठी मइया की पूजा-अर्चना की। इसके बाद अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। शाम होते ही वाराह घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ढोल-नगाड़ों की गूंज और छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा घाट परिसर भक्तिमय हो उठा। कांधे पर ईख, सिर पर पूजा सामग्री से सजा दउरा और हाथों में अखंड दीप लेकर नंगे पांव घाट की ओर जाती व्रती महिलाओं की आस्था और समर्पण देखते ही बन रहा था। घाट पर पहुंचकर महिलाओं ने अपनी-अपनी वेदियों पर पूजा सामग्री सजाई और पूरे विधि-विधान से छठी मइया की आराधना की। सूर्यास्त के समय जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान व्रती महिलाओं के मधुर लोकगीतों और पारंपरिक छठ गीतों से गंगा तट गूंजता रहा। घाट पर परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों की भी भारी उपस्थिति रही। महापर्व के दौरान गंगा तट पर आस्था, विश्वास, परंपरा और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजक समिति की ओर से साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई थीं। व्यवस्था को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने आयोजक समिति की सराहना की। आयोजन समिति की ओर से वरिष्ठ नेता देवराज सिंह ठाकुर, नितेश सिंह भोनू, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजन सिंह, व्यवस्थापक मदन सिंह, भरत सिंह, प्रदीप यादव, पप्पू राजभर, सोनू सिंह, गोलू सिंह, सेराज अंसारी, अरुण सिंह, राहुल सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। सभी ने श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था में बढ़-चढ़कर सहयोग किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सिधौना : मनोकामना पूर्ण होने पर आभार प्रकट करने का अनुष्ठान है कोसी भरना, छठ माता व सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता जताने की है परंपरा
देवकली : दूसरी बार भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष बने पुनवासी राम, राजेश जायसवाल को पिछड़ा मोर्चा में मिली जिम्मेदारी >>