सैदपुर : जीबी इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मना बाल दिवस, रॉकेट मॉडल का प्रक्षेपण रहा आकर्षण का केंद्र, फन जोन और व्यंजनों के स्टॉल का भी बच्चों ने उठाया लुत्फ

सैदपुर। क्षेत्र के डहरा कलां स्थित जीबी इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को बाल दिवस हर्षाेल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विज्ञान प्रदर्शनी, विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल और बच्चों के मनोरंजन के लिए फन जोन सहित कई आकर्षक आयोजन किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सौम्य बरनवाल और निदेशिका प्रियंका बरनवाल ने स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। बाल दिवस को लेकर बच्चों ने पूरे विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया था। फ़न्कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों की ओर से लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी रही। इसमें नन्हे वैज्ञानिकों ने अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का परिचय देते हुए विभिन्न विषयों पर आधारित क्रियाशील मॉडल प्रस्तुत किए। स्पृहा बरनवाल और टीम ने सोलर सिस्टम, श्रेयांश सिंह ने ज्वालामुखी, आयुष्मान यादव और टीम ने हाइड्रोलिक लिफ्ट, रणबीर सिंह और टीम ने डोरबेल, श्रेयांश पाल और टीम ने स्मार्ट सिटी, मुदित पांडे ने विंड टर्बाइन, आयुष ग्रुप ने वाटर फिल्टर तथा अर्नव सिंह और टीम ने वाटर लेवल इंडिकेटर का मॉडल प्रस्तुत किया। वहीं आराध्या यादव और टीम ने श्वसन क्रिया, स्तुति पाठक ने अम्ल वर्षा, खुशी यादव और टीम ने ग्रीन हाउस इफेक्ट, चित्रांश ने स्मार्ट फेंसिंग, सिद्धांत जायसवाल ने रॉकेट मॉडल और खुशी जायसवाल ने सेव अर्थ विषय पर आधारित मॉडल के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रदर्शनी में सिद्धांत जायसवाल द्वारा विद्यालय परिसर में रॉकेट का सफल प्रक्षेपण कर उसका प्रदर्शन करना विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसे देखकर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विज्ञान प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों ने विज्ञान के सिद्धांतों को मॉडल के जरिए समझाने का प्रयास किया। इसके साथ ही बच्चों ने विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए, जहां शिक्षकों और विद्यार्थियों ने स्वादिष्ट पकवानों का आनंद लिया। बच्चों के मनोरंजन के लिए बनाए गए फन जोन में तरह-तरह के खेल और मिकी माउस झूले लगाए गए थे। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ खेलों और झूलों का आनंद लिया। इस अवसर पर प्रबंधक सौम्य बरनवाल ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों से बेहद स्नेह करते थे और उनके उज्ज्वल भविष्य को देश की प्रगति का आधार मानते थे। बच्चे ही देश का भविष्य हैं और उनके कंधों पर नए भारत के निर्माण की जिम्मेदारी है। निदेशिका प्रियंका बरनवाल ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के रचनात्मक आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है और उनके सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलती है। प्रधानाचार्य शशिन्द्र शर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। नेहरू जी बच्चों को देश की सबसे बड़ी पूंजी मानते थे। आज के बच्चे ही भविष्य में एक सशक्त और विकसित भारत का निर्माण करेंगे। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उपप्रधानाचार्य किशन पांडेय, अभिषेक पांडेय, सर्वानंद मिश्रा, बनारसी यादव, अनिमेष गुप्ता, धनेश्वर यादव, भाग्य चंद्र विश्वकर्मा, हेमलता पांडेय, रश्मि श्रीवास्तव, नम्रता त्रिपाठी आदि रहे।







