देवकली : बाल दिवस पर आरएस कान्वेंट सैनिक स्कूल में लगा बाल मेला, बच्चों ने उठाया आनंद, खेलकूद, मनोरंजन और खानपान के स्टॉल रहे आकर्षण का केंद्र

देवकली। क्षेत्र के नेसारा स्थित आरएस कान्वेंट सैनिक स्कूल परिसर में शनिवार को बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस मौके पर विद्यालय परिसर में बाल मेले का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार की गतिविधियां और खानपान के स्टॉल लगाए गए। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के डायरेक्टर सुदामा सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान विद्यालय के डायरेक्टर ने बच्चों को बाल दिवस के महत्व से परिचित कराते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियां भी आवश्यक हैं। बाल मेले में मिठाई, चाट, खिलौने और अन्य खानपान की सैकड़ों दुकानें आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों के मनोरंजन के लिए चरखी, कूदने के खेल, साइकिल रेस और निशानेबाजी जैसी गतिविधियों की व्यवस्था की गई थी। बच्चों ने अपने साथियों के साथ मेले में घूमकर विभिन्न खेलों में भाग लिया और खूब आनंद उठाया। मेले में अभिभावकों की भी अच्छी खासी भीड़ रही। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और विभिन्न स्टॉलों पर खरीदारी भी की। डायरेक्टर सुदामा सिंह ने विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि गत सप्ताह सीबीएसई बोर्ड से इंटरमीडिएट स्तर तक 10+2 की मान्यता प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के बच्चों को अब इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के विद्यालयों में भटकना नहीं पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही उन्हें आगे की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इस मौके पर प्रधानाचार्य सपना मौर्या, उप प्रधानाचार्य प्रियंका सिंह, गोल्डी सिंह, हरेंद्र यादव, सुनील यादव, आशुतोष सिंह, प्रतिमा यादव, प्रिया यादव, अभिषेक सिंह, दीपक यादव, रजनी सिंह, बासुदेव यादव आदि रहे।

