अनौनी : बासीपुर में हुआ जागरूकता कार्यक्रम, नशामुक्त युवाओं को बताया विकसित भारत की सशक्त नींव





अनौनी। नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं और समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को बासीपुर गांव में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को सिगरेट, गुटखा, भांग, शराब और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, आर्थिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को विशेष रूप से प्रेरित किया गया कि वे अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को नशे जैसी हानिकारक आदतों में नष्ट करने के बजाय शिक्षा, रोजगार, खेल, नवाचार, रचनात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण में लगाएं। वक्ताओं ने कहा कि युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। यदि युवा स्वस्थ और जागरूक रहेंगे तो समाज और राष्ट्र का भविष्य भी मजबूत होगा। आयोजक अनिमेष कुमार मिश्र ने कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन को कई स्तरों पर प्रभावित करता है। इससे शारीरिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचने के साथ ही आर्थिक स्थिति और पारिवारिक खुशियां भी प्रभावित होती हैं। गलत संगति, तनाव और इंटरनेट मीडिया पर नशे के आकर्षक चित्रण के कारण भी युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं। युवाओं में बढ़ती यह प्रवृत्ति उनके भविष्य और समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, क्षमता और ऊर्जा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। नशे की आदत इस शक्ति को कमजोर करती है और व्यक्ति को उसके लक्ष्य से भटका देती है। इसलिए युवाओं को अपने जीवन का उद्देश्य निर्धारित कर सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर ही युवा अपने परिवार, समाज और देश के विकास में सार्थक योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम में लोगों से अपील की गई कि वे नशे की समस्या को केवल व्यक्तिगत मामला न समझें, बल्कि परिवार और समाज के स्तर पर भी इसके प्रति जागरूकता फैलाएं। युवाओं को खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करें। कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सशक्त नींव हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : बिना पार्किंग संचालित हो रहे मैरिज हॉल, सड़क किनारे खड़े हो रहे बरातियों के वाहन
अनौनी : वेदी पूजन के बाद व्रतियों ने ग्रहण किया खरना का प्रसाद, शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत, मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी पर बनी गुड़ की खीर-रोटी >>