वाराणसी : छठ पर्व पर मऊ स्टेशन पर स्काउट्स एवं गाइड्स ने संभाली यात्रियों की सहायता की जिम्मेदारी, भीड़ नियंत्रण में किया सहयोग

वाराणसी। छठ महापर्व के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वाेत्तर रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को मऊ रेलवे स्टेशन पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने यात्रियों की सहायता और भीड़ नियंत्रण में महत्वपूर्ण सहयोग किया। इसके साथ ही यात्रियों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में मेडिकल बूथ भी स्थापित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के निर्देशानुसार तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर सह जिला आयुक्त, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स वाराणसी अनुभव पाठक के नेतृत्व में यह सेवा कार्य किया गया। पूर्वाेत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ वाराणसी की शाखा सुभाष ग्रुप के सदस्यों ने मऊ स्टेशन पर यात्रियों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया। इस दौरान ग्रुप लीडर एवं मुख्य टिकट निरीक्षक मऊ राकेश कुमार तथा सहायक ग्रुप लीडर विनोद कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में स्काउट सदस्यों ने स्टेशन परिसर में यात्रियों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई। स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने और भीड़ नियंत्रण में भी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। छठ पर्व के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने और यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की आशंका को देखते हुए स्टेशन पर मेडिकल बूथ की व्यवस्था की गई। मेडिकल बूथ पर चिकित्सा विभाग के डॉ. सुमित राय अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। उन्होंने यात्रियों को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई। इस अवसर पर मंडल वाणिज्य निरीक्षक मऊ सुरजीत सिंह राठौर ने छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों द्वारा किए गए सेवा कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे समय में स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों का सहयोग यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण साबित होता है। रेल प्रशासन की ओर से त्योहार के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

