जखनियां : प्राथमिक विद्यालय में बाल मेले का हुआ आयोजन, बच्चों ने दुकानदार बन सीखा खरीद-बिक्री का हुनर





जखनियां। क्षेत्र के बारोडीह स्थित प्राथमिक विद्यालय में बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान विद्यालय में बाल मेले का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। मेले में विद्यार्थियों ने स्वयं दुकानदार की भूमिका निभाते हुए खरीद-बिक्री, गणना, संवाद और व्यवहारिक जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कौशलों का अनुभव प्राप्त किया। बाल मेले में बच्चों ने अलग-अलग प्रकार की सामग्री के स्टॉल सजाए। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ अपने स्टॉलों का संचालन किया और आने वाले लोगों को सामान उपलब्ध कराया। इस दौरान बच्चों ने रुपये का हिसाब रखने, सामान की कीमत बताने, खरीदारी करने वालों से बातचीत करने और लेन-देन की प्रक्रिया को समझने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। विद्यालय परिसर में आयोजित मेले में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। शिक्षक संदीप पाण्डेय ने कहा कि बाल मेले केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि बच्चों को किताबी ज्ञान से बाहर निकालकर वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और उद्यमशीलता की भावना विकसित होती है। बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नई चीजें सीखने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। युवा उद्यमी सौरभ और कृषि विभाग में कार्यरत विकास ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को चॉकलेट और स्टेशनरी सामग्री प्रदान कर उनका मनोबल बढ़ाया। बच्चों ने भी इस प्रोत्साहन पर प्रसन्नता व्यक्त की। प्रधानाध्यापक आलोक रंजन ने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को नियमित अध्ययन के साथ रचनात्मक गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : पीजी कॉलेज की चार छात्राओं ने जिले का बढ़ाया मान, अखिल भारतीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
गाजीपुर : पीजी कॉलेज के चार प्राध्यापकों की हुई शैक्षणिक पदोन्नति, एकेडमिक लेवल-10 से लेवल-11 में प्रमोशन की प्रक्रिया पूरी >>