अनौनी : नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व, खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत, सोमवार को उदीयमान सूर्य के अर्घ्य के बाद होगा पारण





अनौनी। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पर्व को लेकर सुबह से ही घरों में साफ-सफाई और पूजा-पाठ का सिलसिला शुरू हो गया। व्रती महिलाओं ने स्नान कर भगवान सूर्य और छठ माता की आराधना की तथा पारंपरिक रूप से तैयार लौकी की सब्जी, चना दाल और चावल का प्रसाद ग्रहण कर व्रत का संकल्प लिया। छठ पर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना का अनुष्ठान होगा। इस दिन व्रती महिलाएं दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को विधि-विधान से पूजा करेंगी और गुड़ की खीर सहित पारंपरिक प्रसाद ग्रहण करेंगी। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद उनका 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। रविवार को व्रती महिलाएं ठेकुआ सहित अन्य पारंपरिक प्रसाद तैयार करेंगी। इसके बाद शाम को नदी, तालाबों और अन्य जलाशयों के घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। छठ पर्व को लेकर शहर से लेकर गांव तक उत्साह का माहौल है। घरों में छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं। वहीं घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। व्रती परिवार पूजा की तैयारियों में जुटे हुए हैं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : 17 नवंबर से शुरू होगा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने पर रहेगा विशेष जोर
अनौनी : रबी के फसलों की बुआई के बीच खाद व गेहूं के बीज की किल्लत शुरू, जरूरत 650 कुंतल की और मिले सिर्फ 400 कुंतल, नायकडीह में पांच दिन से खाद वितरण बंद >>