गाजीपुर : डीएम के हस्तक्षेप के बाद पीजी कॉलेज में बायोमेट्रिक वसूली के मामले में मुकदमा दर्ज, छात्रों ने प्रशासन की कार्रवाई को बताया बड़ी सफलता

गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रवृत्ति के लिए बायोमेट्रिक प्रक्रिया के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। छात्रों की शिकायत और ज्ञापन के बाद जिलाधिकारी के कॉलेज पहुंचकर समस्याएं सुनने के अगले दिन 12 नवंबर की रात कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। इस कार्रवाई को छात्र नेताओं ने अपने आंदोलन की बड़ी सफलता बताया है। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने बताया कि चार और पांच नवंबर को छात्रसंघ भवन के सामने 710 छात्रों ने हस्ताक्षर कर छात्रवृत्ति के लिए बायोमेट्रिक कराने के नाम पर कथित वसूली और मनमानी के खिलाफ ज्ञापन सौंपा था। छात्रों ने इस मामले में प्रशासन से हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद जिलाधिकारी ने 12 नवंबर को स्वयं कॉलेज पहुंचकर छात्रों की समस्याएं सुनीं। छात्र नेताओं ने बताया कि जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद बीती रात सदर कोतवाली में कॉलेज प्रशासन और मां दुर्गा पीजी कॉलेज, गोरा बाजार की एक निजी दुकान के संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। छात्रों ने बताया कि अब कॉलेज परिसर में ही 24 घंटे निःशुल्क बायोमेट्रिक की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। बताया कि 710 छात्रों के हस्ताक्षर के साथ उठाई गई आवाज का असर सामने आया है। जिलाधिकारी ने स्वयं छात्रों की समस्याएं सुनीं और इसके बाद मुकदमा दर्ज होने की कार्रवाई हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिन छात्रों से बायोमेट्रिक के नाम पर धनराशि ली गई है, उन्हें नियमानुसार उनकी रकम वापस दिलाई जाएगी। पूर्व महामंत्री सुधांशु तिवारी ने कहा कि आम और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज होना महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और प्रभावित विद्यार्थियों को राहत मिले। छात्र नेता प्रद्युम्न सिंह यादव राजन ने कहा कि आंदोलन के दौरान छात्रों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन एकजुट होकर आवाज उठाने से प्रशासन तक उनकी बात पहुंची। उन्होंने बताया कि अब कॉलेज परिसर में 24 घंटे निःशुल्क बायोमेट्रिक की व्यवस्था शुरू हो गई है। इस मौके पर छात्र नेता आकाश चौधरी, निलेश बिंद, अभिषेक चौरसिया, मोहित यादव, बिजेंद्र यादव, राज सिंह, पवन यादव आदि रहे।

