सिधौना : पीढ़ियों से आस्था की विरासत संजोए हैं छठ के लोकगीत, हर अनुष्ठान की है अपनी अलग धुन





सिधौना। लोक आस्था के महापर्व छठ में भोजपुरी लोकगीतों का विशेष महत्व है। इन पारंपरिक गीतों के बिना छठ पूजा का अनुष्ठान अधूरा सा प्रतीत होता है। दीपावली के बाद से ही व्रतियों के घरों, बाजारों और वाहनों में छठ के मधुर लोकगीत गूंजने लगते हैं। ये गीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि छठी मइया और भगवान सूर्य के प्रति व्रती महिलाओं तथा उनके परिवारों की गहरी श्रद्धा और भावनाओं की अभिव्यक्ति हैं। छठ के लोकगीतों की सबसे खास बात यह है कि इनकी परंपरा पीढ़ियों से मौखिक रूप में आगे बढ़ती रही है। दादी-नानी, मां और बुआ से बेटियों तक ये गीत बिना किसी किताब या लिखित दस्तावेज के पहुंचते रहे हैं। यही वजह है कि इन गीतों में लोकजीवन, पारिवारिक संस्कार और धार्मिक आस्था की अनूठी झलक देखने को मिलती है। नहाय-खाय से लेकर खरना, प्रसाद बनाने, घाट की ओर प्रस्थान करने, संध्या अर्घ्य और सुबह के उषा अर्घ्य तक हर अनुष्ठान के लिए अलग-अलग लोकगीत गाए जाते हैं। ‘कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए, उगा हो सुरुज देव और केलवा के पात पर उगेलन सुरुजमल‘ जैसे लोकप्रिय गीत छठ पर्व की पहचान बन चुके हैं। इन गीतों में भगवान सूर्य की महिमा, बांस की दउरी और सूप का महत्व तथा प्रकृति के प्रति आभार की भावना सहज रूप से व्यक्त होती है। छठ की तैयारियों के दौरान महिलाएं जब समूह में पारंपरिक धुनों पर गीत गाते हुए प्रसाद के लिए गेहूं सुखाती हैं तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है। पूजा सामग्री जुटाने के दौरान बांसफोर, फल विक्रेताओं, नाविकों और कुम्हारों सहित समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता भी इन गीतों में दिखाई देती है। इस तरह छठ के लोकगीत सामाजिक समरसता और सामूहिक सहयोग का संदेश देते हैं। इन गीतों में नदी, तालाब और अन्य प्राकृतिक संसाधनों के प्रति सम्मान, स्वच्छता तथा सूर्य की ऊर्जा के प्रति कृतज्ञता की भावना भी समाहित रहती है। प्रसाद, फल, फूल, घाट और पूजा सामग्री की शुद्धता पर विशेष जोर दिया जाता है। छठ के लोकगीतों में व्रतियों की मनुहार, परिवार की सुख-समृद्धि की कामना और समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने का भाव दिखाई देता है। यही कारण है कि आधुनिक दौर में भी छठ के पारंपरिक गीतों की लोकप्रियता लगातार बनी हुई है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गोरखपुर : छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए चार स्पेशल ट्रेनों का संचालन, औड़िहार और गाजीपुर सिटी पर भी होगा ठहराव
डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान के तहत लगा शिविर, 25 पेंशनरों का मौके पर बना जीवन प्रमाण-पत्र >>