सादात : धूमधाम से मनेगी शिक्षा के गांधी के रूप में विख्यात पूर्व शिक्षामंत्री की नौवीं पुण्यतिथि, श्रद्धांजलि सभा में जुटेंगे शिक्षाविद्





सादात। समता इंटर कॉलेज और समता महाविद्यालय सादात के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व शिक्षामंत्री स्व. कालीचरण यादव की नौवीं पुण्यतिथि शुक्रवार को कॉलेज परिसर में मनाई जाएगी। इस अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर उनके योगदान को याद किया जाएगा। महाविद्यालय के प्रबंधक सभाजीत सिंह यादव ने बताया कि कार्यक्रम में पूर्व संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य दिवाकर सिंह और महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामजी सिंह प्रमुख अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पूर्व शिक्षामंत्री पूर्वांचल के जाने-माने राजनेता और शिक्षाविद् थे। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के चलते उन्हें ‘शिक्षा का गांधी और कर्मयोगी’ कहा जाता था। उन्होंने वर्ष 1974 में भारतीय क्रांति दल के टिकट पर सादात विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक बनकर राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। वर्ष 1977 में जनता पार्टी से दोबारा विधायक निर्वाचित हुए और उत्तर प्रदेश सरकार में शिक्षामंत्री की जिम्मेदारी संभाली। आपातकाल के दौरान उन्हें करीब 17 महीने तक बरेली जेल में भी रहना पड़ा था। शिक्षा के प्रसार को अपना उद्देश्य बनाकर उन्होंने गाजीपुर के सादात में समता स्नातकोत्तर महाविद्यालय सहित कई शिक्षण संस्थानों की स्थापना की। समता इंटर कॉलेज और समता महाविद्यालय उन्हीं की शैक्षिक सोच और प्रयासों का परिणाम हैं। इन संस्थानों से हजारों विद्यार्थियों ने शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को नई दिशा दी है। उनका निधन 13 नवंबर 2017 को 84 वर्ष की आयु में हुआ था। उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में उनके शैक्षिक और सामाजिक योगदान को स्मरण किया जाएगा।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< भांवरकोल : पंजाब से बिहार ले जाए जा रहे गोवंशों के तस्करों से पुलिस की हुई मुठभेड़, एक पैर में लगी गोली, 3 गिरफ्तार, 18 गोवंश बरामद
गाजीपुर : 18 नवंबर को बीएसए कार्यालय पर धरना देंगे प्राथमिक शिक्षक, पुरानी पेंशन, टीईटी से राहत, पदोन्नति आदि मांगों पर बनाई आंदोलन की रणनीति >>