बलिया : छठ पर्व पर बलिया स्टेशन पर ठहर सकेंगे 260 यात्री, तीन अस्थायी आश्रय स्थल भी बनाए गए, टिकट काउंटरों पर क्यूआर कोड से कर सकेंगे भुगतान

बलिया। छठ महापर्व पर यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की ओर से बलिया रेलवे स्टेशन पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए स्टेशन परिसर में तीन अस्थायी यात्री आश्रय स्थल (होल्डिंग एरिया) बनाए गए हैं। इनमें दो आश्रय स्थल 20×50 फीट तथा एक 20×75 फीट आकार का है। तीनों आश्रय स्थलों में एक साथ करीब 260 यात्रियों के बैठने और ट्रेनों की प्रतीक्षा करने की क्षमता है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में किए गए इन इंतजामों का उद्देश्य छठ पर्व के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। अस्थायी यात्री आश्रय स्थलों में बिजली, पंखे, शुद्ध पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। यात्रियों को टिकट प्राप्त करने में सहूलियत देने के लिए मोबाइल यूटीएस टिकटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे उन्हें टिकट काउंटरों पर अनावश्यक लंबी कतारों में खड़े होने से राहत मिलेगी। ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी देने के लिए जन उद्घोषणा प्रणाली के स्पीकर और वीडियो पैनल लगाए गए हैं। होल्डिंग एरिया बनाने का प्रमुख उद्देश्य प्लेटफार्मों पर अनावश्यक भीड़ को रोकना और यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखना है। इसके लिए स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया को वाहनमुक्त रखने के साथ प्रवेश और निकास मार्गों का समुचित प्रबंधन किया गया है। प्लेटफार्मों पर सीमांकन और बैरिकेडिंग भी की गई है। यात्रियों की सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए 24 घंटे ‘मे आई हेल्प यू’ सहायता बूथ संचालित किए जा रहे हैं। टिकट वितरण व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले गए हैं। वहीं, एटीवीएम और मोबाइल यूटीएस के संचालन में सहायता के लिए फैसिलिटेटर नियुक्त किए गए हैं। सामान्य और आरक्षण टिकट काउंटरों पर क्यूआर कोड से भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। आरपीएफ और राज्य पुलिस के समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष महिला टीम तैनात की गई है। फुट ओवरब्रिज और प्लेटफार्मों पर अनावश्यक भीड़ रोकने तथा यात्रियों का कतारबद्ध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में आरपीएफ जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त बलिया स्टेशन और वाराणसी स्थित मंडल मुख्यालय में मिनी कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। स्टेशन पर रेल अधिकारियों और वरिष्ठ पर्यवेक्षकों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। वाराणसी मंडल मुख्यालय से भी स्टेशन की गतिविधियों और यात्रियों की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। वहीं, स्टेशन परिसर में छठ के पारंपरिक गीतों का प्रसारण पर्व के उल्लासपूर्ण माहौल को और खुशनुमा बना रहा है। रेलवे प्रशासन के अनुसार यात्रियों की सुविधा, संरक्षा और सुरक्षा के लिए सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

