सैदपुर : माहपुर स्टेशन परिसर से शीशम प्रजाति का पेड़ काटकर ले गए थे चोर, 19 बोटा लकड़ी के साथ एक गिरफ्तार, 2 फरार





सैदपुर। रेलवे संपत्ति की चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन रेल सुरक्षा के तहत आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए रेलवे परिसर से पेड़ काटकर लकड़ी चोरी करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की गई शीशम के सिरिस प्रजाति के पेड़ के 19 बोटे बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 7,500 रुपये बताई गई है। इस मामले में दो अन्य आरोपितों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। आरपीएफ के राकेश सिंह ने बताया कि 11 नवंबर को आरपीएफ के औड़िहार पोस्ट और सीआईबी वाराणसी की टीम संयुक्त रूप से आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान रेलवे संपत्ति चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए कुशवंत यादव पुत्र झिंगुरी यादव निवासी जलालपुर, सैदपुर को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर रेलवे की चोरी की गई लकड़ी के 19 बोटे बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि 11 नवंबर को सुनसान स्थान और मौका देखकर माहपुर रेलवे स्टेशन परिसर में लगे एक सूखे पेड़ को काटा था। इसके बाद पेड़ के छोटे-छोटे बोटे बनाकर ट्रैक्टर पर लादकर अपने घर ले आया था। इस मामले में जयंत यादव पुत्र झिंगुरी यादव और रमेश राजभर पुत्र शिदनी यादव निवासी जलालपुर के नाम भी सामने आए हैं। दोनों को फरार बताया गया है। आरपीएफ ने बरामद 19 बोटे लकड़ी को जब्त कर रेल संपत्ति अधिनियम की धारा 3 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक हरिनाथ प्रसाद को सौंपी गई है। इस दौरान टीम में निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह, एएसआई राकेश कुमार सिंह, हरिनाथ प्रसाद, हेकां हरेंद्र राव, कां सत्यप्रकाश राम, पवन यादव, सीआईबी से हेकां जनार्दन यादव आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : मकान निर्माण के दौरान पहली मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत, 4 माह की अबोध के सिर से उठा पिता का साया, परिजनों ने मुआवजे की मांग कर रोका शव
वाराणसी : नमो घाट पर विराट गोवर्धन पूजनोत्सव में एमपी के सीएम डॉ. मोहन यादव की फिर दिखी डॉ. विजय यादव से नजदीकियां, की पूजा-अर्चना >>