रेवतीपुर : तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल, ट्रॉमा सेंटर रेफर

रेवतीपुर। क्षेत्र के ताड़ीघाट-बारा एनएच-124सी पर बुधवार की सुबह नवली इंटर कॉलेज के आगे शिवमंदिर के पास कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। नवली निवासी मंटू राम और रामसेवक राम बाइक से बारा जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को वाराणसी ट्रामा सेंटर भेज दिया। उधर, हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि कार में सवार यात्रियों को उसने एक बस में बैठा दिया। इस बीच हादसे की जानकारी मिलने पर घायलों के परिजनों ने बस का पीछा किया और डेढ़गांवा के पास उसे रोक लिया। बस में सवार अलका सिंह और लाली सिंह निवासी अरियांव, थाना कृष्णाब्रह्म, जिला बक्सर (बिहार) के साथ दो छोटे बच्चे भी थे। आरोप है कि घायलों के परिजन महिलाओं और बच्चों को जबरन अपने साथ नवली ले गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं और बच्चों को उनके कब्जे से मुक्त कराया और थाने पहुंचाया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त कार को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। इस बाबत थाना प्रभारी धर्मदास सिद्धार्थ ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

