अनौनी : मौधा में भव्य भरत मिलाप की झांकी का हुआ आयोजन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा क्षेत्र, लोगों ने पुष्पवर्षा कर किया प्रभु का नमन

अनौनी। क्षेत्र के मौधा में बुधवार को श्रीराम जानकी हिंदू एकता मित्र मंडल एवं श्रीरामलीला समिति के तत्वावधान में भव्य भरत मिलाप की झांकी निकाली गई। भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के आकर्षक स्वरूपों की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान जय श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। झांकी का शुभारंभ युवा नेता नितेश सिंह भोनू ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की आरती उतारकर किया। इसके बाद श्रीराम जानकी मंदिर गोशाला से झांकी निकाली गई, जो मौधा बाजार होते हुए जगदीश नगर चौराहे पहुंची। यहां परंपरागत रूप से भरत मिलाप का आयोजन किया गया। इसके बाद झांकी शांतिधाम मंदिर, मौधा बौड़ा और मौधा बाजार तक पहुंची। पूरे रास्ते श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान के स्वरूपों का स्वागत किया। भक्ति और उत्साह के माहौल में पूरा क्षेत्र राममय नजर आया। आयोजन में बड़ी संख्या में रामभक्तों और क्षेत्रवासियों ने सहभागिता की। इस मौके पर आनंद सिंह, श्रवण, मंगेश, सुनील यादव, हवलदार यादव, राकेश पाल, जयप्रकाश यादव, राहुल सिंह, धर्मेंद्र यादव, जितेंद्र चौहान, ओमप्रकाश सिंह, राजेश सिंह, विकास बेनवंशी, संदीप गुप्ता, इंद्रजीत सिंह, प्रद्युम्न विश्वकर्मा, रामाश्रय विश्वकर्मा, अजय गुप्ता, विनोद यादव, अजीत सिंह, आशु यादव, बबलू चौहान, नागेंद्र कन्नौजिया, बाबूलाल राजभर, राजा सिंह आदि रहे।

